पानीपत। मॉडल टाउन निवासी एक लोन कर्मचारी के खाते से ठग ने 70 हजार रुपये निकाल लिए। आरोपी ने किस्त भरने का झांसा देकर पीड़ित को एक लिंक भेजा, जिस पर क्लिक करते ही खाते से रुपये कट गए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मॉडल टाउन निवासी सुमित खुराना ने बताया कि वह ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी में बीमे करने का काम करता है। वह 30 जून को ऑफिस में था। दफ्तर के फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। जिसने कहा कि वह किस्त भरना चाहता है। युवक ने नाम नाम अतुल बताया। उसने अतुल को अपना फोन-पे नंबर दे दिया। अतुल ने कहा कि वह लिंक भेज रहा है, जिस पर क्लिक करते ही खाते में पेमेंट आ जाएगी। उसने लिंक पर तीन बार क्लिक किया, लेकिन खाते से 70 हजार रुपये कट गए। उसने आरोपी को फोन किया, लेकिन उसके बाद कोई संपर्क नहीं हो सका।