पानीपत। एसपी भूपेंद्र सिंह ने सभी थाना और यातायात प्रभारियों को निर्देश दिए कि जिले में जगह-जगह नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जाए। पुलिस खोज व वाहन इंफो एप के माध्यम से अधिक से अधिक वाहनों की जांच कर उनका सत्यापन करें। संदिग्ध वाहन मिलने पर गहनता से जांच की जाए। उन्होंने 18 से 24 मई तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
सोमवार को एसपी भूपेंद्र सिंह ने जिला सचिवालय स्थित पुलिस सभागार में थाना प्रभारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वाहनों की जांच के लिए अभियान चलाया जाए। इससे अपराधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करवाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। नाकाबंदी के दौरान खोज एप और वाहन इन्फो एप का अधिक से अधिक उपयोग करें। एप के माध्यम से वाहनों के रजिस्ट्रेशन, मालिक की जानकारी, दस्तावेजों की वैधता और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी का तुरंत सत्यापन किया जा सकता है जिससे संदिग्ध वाहनों की पहचान करने में आसानी होगी।
इसके साथ ही एसपी ने कहा कि शहर में बिना नंबर के वाहनों के खिलाफ भी अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि अपराधी पहचान छुपाने के लिए बिना नंबर प्लेट अथवा फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहनों का प्रयोग करते हैं। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को बिना नंबर प्लेट, फर्जी नंबर प्लेट, संदिग्ध नंबर प्लेट और नियमों के विरुद्ध चल रहे वाहनों के खिलाफ 18 मई से 24 मई तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स, डीएसपी सुरेश कुमार सैनी, डीएसपी राजबीर सिंह और सभी थाना प्रबंधक, क्राइम युनिट प्रभारी और यातायात व चौकी इंचार्ज मौजूद रहे।