पानीपत। बाइकर्स गैंग का बुधवार को पानीपत शहर में आतंक देखने को मिला। दो झपटमार एक घंटे में दो थाना क्षेत्रों में दो महिलाओं के कान फाड़कर सोने की बाली झपट ले गए। दिनदहाड़े दो वारदातों को अंजाम देने से पुलिस सुरक्षा के दावे धरे रह गए।
पहली वारदात पुराना गोहाना रोड प्रजापत कॉलोनी और दूसरी वारदात तहसील कैंप फतेहपुरी चौक पर हुई। कान फटने से घायल दोनों महिलाओं ने सामान्य अस्पताल में अपना इलाज कराया। थाना सेक्टर-29 और तहसील कैंप पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। झपटमारी की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई।
जगजीवन राम कॉलोनी निवासी मुनेश पत्नी लोकेश ने बताया कि वह बुधवार को सुबह 11 बजे घर से किशनपुरा में सूट लेने गई थी। वह पैदल ही घर लौट रही थी। वह करीब साढे 11 बजे पुराना गोहाना रोड प्रजापत कॉलोनी के पास पहुंची तो डिस्कवर पर सवार दो युवक आए और कानों से बालिया झपट कर ले गए। कान फटने से वह घायल हो गई, उसने शोर मचाया।
तहसील कैंप के राम नगर निवासी शकुंतला पत्नी बक्शीराम ने बताया कि वह 31 मई को करीब 12 बजे घर से फतेहपुरी चौक पर मक्कड़ करियाना स्टोर से सामान लेकर घर जा रही थी। उसके हाथ में सामान था। उसके सामने डिस्कवर बाइक पर सवार दो युवक आए और उसके कानों की बाली झपटकर फरार हो गए।