पानीपत। बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को सीआईए-1 ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से सीआईए ने चोरी की गईं 13 बाइक बरामद कीं। आरोपियों से प्राथमिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वे नशा करने के आदी हैं। लत को पूरी करने के लिए रुपयों की जरूरत पड़ी तो उन्होंने बाइक चोरी शुरू कर दी। इसके अलावा 4 जनवरी को गांव अदियाना में सोमबीर के खेत में बने कोठे से धान के 50 कट्टे भी चोरी किए थे।
सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया कि बुधवार को गांव डाडौला चौक के पास से आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे बाइक सवार गांव जोशी निवासी गुरनाम को काबू किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी गांव अहमदपुर निवासी साहिल के साथ मिलकर उस बाइक को दिसंबर में गांव सौंधापुर से चोरी करने का खुलासा किया। इस मामले में बाइक मालिक महेंद्र की शिकायत पर पुराना औद्योगिक थाना में रिपोर्ट दर्ज है।
पूछताछ करने के लिए आरोपी गुरनाम को दो दिन के रिमांड पर लिया। गुरनाम की निशानदेही पर उसके साथी साहिल को मतलौडा के पास फाटक से काबू किया। इसके बाद आरोपियों ने कुल 12 वारदातों का खुलासा किया। उन्होंने रिफाइनरी फाटक के पास खाली प्लाट में बाइक छिपाकर रखी थीं। उनकी निशानदेही पर उन्हें बरामद किया गया।