पानीपत। भारत नगर निवासी एक दंपती को ठग ने सीमेंट दुकानदार बनकर अपने जाल में फंसाया और झांसा देकर खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ किला थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बबैल रोड भारत नगर निवासी अक्षय पुत्र विजय शर्मा ने बताया कि वह गत्ता कंपनी में काम करता है। उनका मकान निर्माणाधीन है। इस वजह से उनका सीमेंट दुकानदार से लेन-देन चलता रहता है। शुक्रवार दोपहर 12:43 पर उसकी पत्नी के पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। उसने खुद को सीमेंट दुकानदार बताया। ठग ने सीमेंट की पेमेंट लेने के लिए पत्नी के पास एक लिंक भेजा, जिस पर क्लिक करते ही पत्नी के खाते से पहले 15 हजार और फिर 20 हजार रुपये कट गए।
उसके बाद पत्नी ने ठग और उसे कॉन्फ्रेंस पर लिया। ठग ने रुपये वापस करने का झांसा देकर उससे फोन पे नंबर मांगा। उसने नंबर बताया तो ठग ने पहले रुपये का लिंक भेजा, जिस पर क्लिक किया तो खाते में रुपये आने की बजाए कट गए। फिर आरोपी ने 15 हजार रुपये का लिंक भेजा। इस बार भी क्लिक किया तो 15 हजार रुपये खाते से कट गए। ठग का आभास होने पर उन्होंने कॉल काट दी और किला थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।