पानीपत। गांव पसीना कलां मोड़ पर बृहस्पतिवार को एक पिकअप ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में पुत्र की मौत हो गई। पिता बाल-बाल बचे। आरोपी पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पिता पुत्र गांव सिवाह से दवा लेकर लौट रहे थे। सेक्टर 29 थाने की पुलिस ने पिता के बयान पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस पिकअप चालक पर केस दर्ज कर उसकी धरपकड़ के प्रयास में जुट गई है।
गांव पसीना कलां निवासी सुमित एक निजी कंपनी में लेखाकार था। पिता सुखबीर को सीने में दर्द की शिकायत पर बृहस्पतिवार को वह उन्हें दवा दिलाने सिवाह गांव के समीप एक क्लीनिक में गया था। वहां से लौटते समय पसीना गांव के समीप मोड़ पर एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को पीछे से धक्का मार दिया। इससे दोनों सड़क पर गिर गए। सुमित को सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद पिकअप चालक वहां से फरार हो गया। जख्मी पिता ने ग्रामीणों की मदद से सुमित को सिवाह गांव के समीप एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। पिता सुखबीर ने बताया कि उसकी चार संतानों में दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ा बेटा सिद्धार्थ है और सुमित छोटा था। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। सुमित की चार साल पहले ही शादी हुई थी। अभी उसको कोई संतान नहीं थी। उन्होंने पुलिस से आरोपी पिकअप चालक को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की।