माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। सनौली रोड पर तेज रफ्तार क्रेटा कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार प्रिंस की मौत हो गई। कार की टक्कर लगने के बाद उसकी मोटरसाइकिल सड़क के बीच लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। प्रिंस दो बहनों का इकलौता भाई और दो छोटी बेटियों का पिता था। चांदनी बाग थाना पुलिस ने उसके पिता की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विद्यानंद कॉलोनी निवासी तेजपाल ने पुलिस को बताया कि उनका बड़ा बेटा प्रिंस मोटरसाइकिल पर उनसे आगे चल रहा था। वह अपने साले दीपक के साथ दूसरी मोटरसाइकिल पर पीछे थे। जब वे सनौली रोड पर आशीष हैंडलूम के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार क्रेटा कार ने प्रिंस की मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में प्रिंस के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
तेजपाल ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं। उनके एक छोटे बेटे की डेढ़ साल की उम्र में ही मौत हो गई थी। इसके बाद प्रिंस ही परिवार का सहारा था। शादीशुदा प्रिंस की दो छोटी बेटियां हैं और परिवार के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उसी पर थी। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
चांदनी बाग थाना प्रभारी रेखा ने बताया कि पिता तेजपाल की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी चालक की तलाश कर रही है।