पानीपत। बबैल गांव में जिला बार एसोसिएशन पानीपत के उप प्रधान व उनके भतीजे पर गांव के ही कुछ युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। भतीजे के दिल के नीचे पेट में आरोपी चाकू घोंपकर फरार हो गए। परिजन उसे सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चाकू नहीं निकाला जा सका। चिकित्सक ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां ऑपरेशन कर चाकू निकाला गया। भतीजे की हालत गंभीर बताई गई है। सेक्टर 13-17 थाने की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बबैल गांव निवासी एडवोकेट प्रदीप कुमार अहलावत पानीपत बार एसोसिएशन के उप प्रधान हैं। सोमवार दोपहर 3:30 बजे वह अपने भतीजे आदित्य के साथ घर से स्टेडियम की तरफ पैदल जा रहे थे। जब वह स्टेडियम के गेट के पास पहुंचे तो वहां पहले से अनिल उर्फ टैक्सी, सौरभ उर्फ मट्ठी, सचिन, राजू, ललित, भूपेंद्र और तीन अन्य युवक हथियारबंद मिले। वे उनके पास से गुजरने लगे तो उन सभी ने भतीजे आदित्य पर जानलेवा हमला कर दिया। वह बीचबचाव करने लगे तो चार युवकों ने उन्हें भी पकड़ लिया और मारपीट की। भतीजे को सौरभ ने पकड़ लिया और अनिल उर्फ टैक्सी ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। वह भतीजे को इलाज के लिए सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपी गांव के स्टेडियम के अंदर व उसके पास बैठकर नशे का सेवन करते हैं, जबकि वह स्टेडियम में रोजाना अभ्यास करते हैं। उन्होंने युवकों को सिर्फ उन्हें नशा छोड़ने की नसीहत दी थी। इसी रंजिश में उन्होंने हमला कर दिया। आरोपी इससे पहले भी गांव के कई लोगों के साथ मारपीट कर चुके हैं।
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- दीपक कुमार, प्रभारी थाना सेक्टर 13-17