पानीपत। नोटबंदी के बाद बैंकों में भी ग्राहक परेशान होने लगे हैं। बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी आए कुए कैश में कुछ हिस्सा लोगों को देने के बाद काम बंद कर देते हैं। ग्राहकों से कह दिया जाता है कि कैश समाप्त हो गया। बैंकों की इस कार्यप्रणाली के कारण शहर के कई बैंकों के बाद सनौली स्थित सेंट्रल कोऑपरेटिव सोसाइटी में भी मंगलवार को हंगामा हो गया। एमडी ने मौके पर पहुंचकर कैश बंटवाया। जीटी रोड पर पीएनबी का एटीएम हैंग होने पर लोगों ने हंगामा किया। अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के कप्तान नगर स्थित शाखा पर भी हंगामा हुआ। लोगों ने बैंक अधिकारियों पर कैश होने के बाद भी पैसा न देने का आरोप लगाया। यह हालत तब हुई जबकि मंगलवार को करीब 12.50 करोड़ रुपये एक्सचेंज किया गया। सोमवार को 42 करोड़ रुपये एक्सचेंज किया गया।
नोटबंदी का मंगलवार को 13वां दिन रहा। बैंकों और एटीएम के बाहर सुबह से ही लोगों की लाइन लग गई। बैंकों में से लोगों को कुछ ही घंटों बाद कैश न होने की कहकर वापस भेजना शुरू कर दिया गया। इस पर अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की कप्तान नगर स्थित शाखा पर लोगों ने दोपहर बाद हंगामा खड़ा कर दिया। लोगों का आरोप था कि अधिकारियों ने दोपहर बाद कैश न होने की बात कह दी, जबकि जबकि बैंक में कैश बचा हुआ था। अधिकारियों ने पहुंचकर लोगों को शांत किया। पंजाब नेशनल बैंक जीटी रोड की एटीएम बार-बार हैंग होने लगा। इससे लोग गुस्से में आ गए।
बैंकों के आगे से कम नहीं हो रही भीड़, एक्सचेंज राशि घटी
नोटबंदी के 13 दिन बाद भी बैंकों के आगे से भीड़ कम नहीं हो रही। अधिकारियों की मानें तो बैंकों में पैसे नहीं आने से अधिक परेशानी हो रही है। इस वजह से एक्सचेंज राशि लगातार कम हो रही हैं। मंगलवार को जिले में करीब 12.50 करोड़ रुपये एक्सचेंज और निकासी किए गए। सोमवार को यह राशि करीब 42 करोड़ रुपये थी। हर रोज कई-कई सौ करोड़ रुपये जमा होते थे, लेकिन अब अधिकारी जमा होने वाली राशि के आंकड़े सार्वजनिक नहीं कर रहे।
500 का नोट आने के दावे फेल
जिले के सभी बैंकों में जल्द कैश आने के दावे फेल हो रहे हैं। जिले में सोमवार को 500 का नया नोट आने की संभावना थी। लेकिन, यह सूचना सिर्फ सूचना ही रह गई। मंगलवार को जिले में कोई पैसा नहीं पहुंच पाया।
घंटों लाइन में लगने बाद मिल रहे दो हजार
उपभोक्ताओं को कई घंटे तक लाइनों में खड़ा होने के बावजूद सिर्फ दो हजार का ही नोट मिल पा रहा है। एटीएम के बाहर लोग सुबह से खड़े हो रह हैं। वहां से भी दो हजार का एक नोट मिलता है। इससे बाजार में खरीदारी भी नहीं हो पा रही।
लोग बोले : ऑफिसर, नेता, उद्योगपतियों को लाइन में नहीं देखा
बैंकों और एटीएम की लाइन में लगे लोगों का कहना है कि किसी ऑफिसर, नेता या बड़े उद्योगपतियों को लाइन में लगे नहीं देखा है। लोगों का आरोप है कि बैंक मैनेजर को ऑफिसर अपने दफ्तरों में बुलाकर अपना कैश बदलवा रहे हैं। नेता और उद्योगपति अन्य लोगों को लाइन में लगा रहे हैं।
बैंक अधिकारियों की नीयत पर भी सवाल
जब से नोटबंदी का ऐलान हुआ है तब से अब तक जिले के दो चार बैंकों को छोड़कर हर बैंक के बाहर लोगों की लाइन लगी हुई है। लोगों ने आरोप लगाया कि बैंक अधिकारी अपने जान पहचान वाले लोगों की मदद कर रहे हैं। आमजन की ओर ध्यान नहीं दे रहे। दावा किया जा रहा है कि बैंक अधिकारी रात में जाते समय और सुबह अपने पैसे पहले एक्सचेंज करते हैं।
जिले में पैसे एक्सचेंज करने का काम चल रहा है। मंगलवार को 12.50 करोड़ रुपये एक्सचेंज किए गए हैं। मेरे पास लिखित में बैंक अधिकारियों के खिलाफ कोई शिकायत नहीं है। इस तरह की कोई शिकायत आती है, तो उचित कार्रवाई की जाएगी। जिले में बंद 56 एटीएम को भी चलाने के प्रयास हो रहे हैं। इनको अपडेट करने के लिए टीम लगातार काम कर रही है।
राकेश वर्मा, एलडीएम, पानीपत।