पानीपत। गांव सिवाह के पास राहगीरों को लूटने की फिराक में घूम रहे चार युवकों ने सीआईए-टू की टीम से भी लूट का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम के वाहन को रोककर एक कर्मी पर पिस्तौल भी तान दी, लेकिन अंदर वर्दी में एक एसआई को देखकर उनके होश उड़ गए। उल्टे पांव उन्होंने भागने का प्रयास किया पर योजना के तहत पहुंची पुलिस टीम ने आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से चार देसी पिस्तौल और 28 गोलियां बरामद की गई हैं।
सीआईए-टू के सब इंस्पेक्टर जयबीर सिंह ने बताया कि उनकी टीम बुधवार की रात जीटी रोड पर गश्त कर रही थी। टीम को सूचना मिली थी कि चार युवक हथियारों से लैस होकर सिवाह गांव के पास राहगीरों को लूट की फिराक में हैं। पुख्ता सूचना के आधार पर बदमाशों को काबू करने के लिए पुलिस ने रणनीति तैयार की। इसके तहत बिना वर्दी के हवलदार राकेश कुमार, बादल, मदन और सिपाही दीपक को साथ लिया। वहीं एसआई जयबीर सिंह स्वयं वर्दी में थे। इस दौरान पुलिस टीम की गाड़ी से नीली बत्ती उतार दी गई। जैसे ही पुलिस की गाड़ी सिवाह गांव के स्टेडियम के पास पहुंची तो हथियारों से लैस चार युवक आगे आ धमके। गाड़ी रुकवाने के बाद बदमाशों ने पुलिसकर्मी दीपक की कनपटी पर पिस्तौल तान दी। तभी पुलिस टीम ने गाड़ी के अंदर की लाइट जलाई। इसके बाद वर्दी में बैठे एसआई को देखकर लुटेरों को समझते देर नहीं लगी कि यह पुलिस की टीम है। इस पर उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने आरोपियों का पीछा कर चारों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी युवकों की पहचान गांव सींक निवासी साहिल, संजीत, मोहित और गांव ऐचरा निवासी राकेश उर्फ बिट्टू के रूप में हुई। मामले में केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।