सनौली। जलालपुर रोड पर स्थित मयूर टेक्सटाइल फैक्टरी में केमिकल का टैंक साफ करने के लिए ठेकेदार गांव से दोनों युवकों को लेकर आया था। आरोप है कि फैक्टरी मालिक ने उनको सफाई कराने की कही थी। सनौली थाना पुलिस ने अब मामले फैक्टरी मालिक समेत चारों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने अब मामले फैक्टरी मालिक समेत चार लोगों को नोटिस जारी करेगी। उधर परिजनों ने दोनों के शवों के शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया।
ठेकेदार मोनू निवासी गांव दभेडी, कैराना यूपी ने सनौली थाना पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनको फैक्टरी मालिक ने मजदूरों को लाकर केमिकल के टैंक की सफाई करने को कहा था। वह अपने गांव से दो युवकों नितिन (19) और शिवम (18) को फैक्टरी में टैंक की सफाई करने के लिए लाया था। वीरवार को फैक्टरी के केमिकल का टैंक साफ करने लगे। वे जहरीली गैस चढ़ने से बेहोश होकर गिर गए। उनको बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना सुरक्षा उपकरणों के काफी गहरे टैंक की सफाई करने के लिए उतारा गया था। इससे नितिन व शिवम की मौत हो गई।
सीटू ने बताए मौत के कुएं
मजदूर संगठन सीटू के राज्य सचिव कामरेड सुनील दत्त, इंडस्ट्रियल वर्कर यूनियन पानीपत प्रधान जयभगवान ने फैक्टरी में हादसे में दो युवकों की मौत पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्टि्रयों में मौत के कुएं बनाए गए हैं। इनमें लगातार हादसे हो रहे हैं। श्रम विभाग का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने दोनों को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा दिलवाने की मांग की है।
पुलिस ने नितिन व शिवम की मौत के मामले में फैक्टरी मालिक, उनके लड़के व दो अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसमें नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वेदपाल, प्रभारी, थाना पुलिस सनौली।