पानीपत। आर्य पीजी कॉलेज के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इंटर-कॉलेज महिला नेशनल कबड्डी टूर्नामेंट में कांस्य पदक जीतकर कॉलेज का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता 15 से 17 अक्तूबर तक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कराई गई थी। महाविद्यालय की बीए प्रथम वर्ष की छात्रा पूजा गुलिया का चयन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की नेशनल कबड्डी टीम में नॉर्थ-जोन टूर्नामेंट के लिए हुआ। वह लद्दाख में होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
महाविद्यालय प्रबंधन समिति के उप-प्रधान वीरेंद्र शिंगला, कोषाध्यक्ष पीयूष आर्य व प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने विजेताओं को शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य ने इस जीत का श्रेय शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश टूर्ण को दिया। उन्हाेंने बताया कि शुरुआत में 15 अक्तूबर को करनाल जोन का आयोजन राजकीय महाविद्यालय इसराना में हुआ। जिसमें आर्य महाविद्यालय की महिला कबड्डी टीम ने चौधरी देवीलाल कॉलेज को 25-7 से हराकर इंटर-कॉलेज टूर्नामेंट में प्रवेश किया। उसके पश्चात 16 से 17 अक्तूबर तक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित इंटर-कॉलेज टूर्नामेंट में पहले लीग मैच में गुरु नानक कॉलेज यमुनानगर को 32-17 से हराया।
सेकेंड रनर के लिए आयोजित मैच में महाविद्यालय की महिला खिलाड़ियों ने आरकेएसडी कॉलेज कैथल को 42-31 से हरा कांस्य पदक हासिल किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश टूर्ण, कोच राजेंद्र देशवाल, राजा तोमर, अनूप गुलिया, सुनील पहल, प्राध्यापिका रजनी मौजूद रही।