पानीपत। नगर निगम ने टीम पांच दिन की मोहलत के बाद सोमवार को बाजारों में कार्रवाई की। इंसार बाजार, जाटल रोड और आठ मरला चौक निगम की टीम ने कार्रवाई कर जेसीबी से करीब 100 दुकानों के थड़े तोड़े। इसके साथ दो ट्राली सामान बरामद किया। इंसार बाजार में निगम अधिकारियों को विरोध का सामना करना पड़ा। इंसार बाजार देवीमूर्ति रोड के कोषाध्यक्ष बलजीत कक्कड़ ने आरोप लगाया कि निगम अधिकारियों ने एक प्रभावशाली नेता के नजदीकी के मेडिकल स्टोर को छोड़ दिया। जबकि उनके साथ लगते मेडिकल स्टोर का थड़ा तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि वह अधिकारियों को अपनी दुकान की चाबी दे देगा। वे दुकान चला लें। निगम अधिकारियों ने कहा कि इंसार बाजार में अधिकतर थड़े और छज्जे हटा लिए हैं। अब वीडियोग्राफी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
नगर निगम के एक्सईएन गोपाल कलावत और एटीपी योगेश राणा के साथ टीम ने सोमवार दोपहर 12 बजे अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई शुरू की। इंसार बाजार में सलारजंग गेट से पहले कार्रवाई शुरू की। यहां फलों की दो रेहड़ी जब्त कर ली। उनका सामान वहीं उतार दिया। इसके आगे एक मेडिकल स्टोर का थड़ा तोड़ा। सलारजंग गेट के आगे वीडियोग्राफी में चिह्नित दुकानों के थड़े तोड़े। बाजार में 10 दुकानदार चिह्नित किए गए थे। टीम ने लालबत्ती चौक तक कार्रवाई की। निगम की टीम इसके बाद जाटल रोड पर पहुंची। संजय चौक से आठ मरला चौक तक कार्रवाई की। यहां आठ मरला से मॉडल टाउन रविंद्रा अस्पताल तक कार्रवाई की। इस दौरान एक ढाबा के बाहर थड़ा तोड़ा। इंसार बाजार देवीमूर्ति कॉलोनी के कोषाध्यक्ष बलजीत कक्कड़ ने कहा कि बाजार के प्रधान आज गायब हैं। जबकि वे उनको आगे लेकर आने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि निगम अधिकारी प्रभावशाली दुकानों के थड़े देखती भी नहीं, जबकि दूसरे लोगों के थड़े तोड़ दिए गए।
दुकानदारों को सड़क पर लाया जा रहा है। वे ऐसा नहीं होने देंगें। वहीं राममेहर ने बताया कि वह सलारजंग गेट के पास फलों की रेहड़ी लगाता है। निगम की टीम उसकी रेहड़ी उठा ले गए और आम सड़क किनारे उतार दिए।