पानीपत। लालबत्ती चौक पर सरकारी स्कूल के सामने शुक्रवार रात एक ऑटो ने बिजली विभाग में कार्यरत एएलएम को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। वह चचेरे भाई की बेटी के कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। हादसे के बाद ऑटो चालक वहां से फरार हो गया। शहर थाना पुलिस ने परिजनों के बयानों पर ऑटो चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जींद के गांव बुढ़ाखेडा निवासी जितेंद्र सिंह(43) पुत्र ओम सिंह कई सालों से सफीदों स्थित बिजली निगम में एएलएम के पद पर कार्यरत था। जितेंद्र के चाचा शिवकरण पानीपत के सेक्टर 18 में रहते हैं। उनके बेटे दिनेश के घर बेटी ने जन्म लिया है। इसी खुशी में शुक्रवार को उनके घर पर कुआं पूजन समारोह था। जितेंद्र इसमें शामिल होने के लिए गया था। जितेंद्र और चचेरा भाई दिनेश दोनों इंसार बाजार में सामान खरीदने के लिए गए थे। वह पैदल सामान खरीदकर लौट रहे थे।
जब वे लालबत्ती चौक पर सरकारी स्कूल के सामने पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ऑटो चालक ने जितेंद्र को टक्कर मार दी और फरार हो गया। हादसे में जितेंद्र सिर के बल सड़क पर जा गिरा और गंभीर चोट लगने की वजह उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। परिजनों ने बताया कि जितेंद्र शादीशुदा था, उसके दो बच्चे है, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है।
शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है, परिजनों के बयान पर आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर सुनील कुमार, शहर थाना प्रभारी