पानीपत। मॉडल टाउन स्थित बाल देखभाल केंद्र परी कुंज में वार्डन को बाथरूम में बंद कर निकली तीन किशोरियों में से दो को पुलिस ने बरामद कर लिया है। दोनों किशोरी जींद जिले से बरामद की।
उन्होंने बताया कि वह परी कुंज से निकलकर अमृतसर स्वर्ण मंदिर पहुंच ई थी। पुलिस ने दोनों के बयान दर्ज कराकर बाल कल्याण समिति को सौंप दिया। समिति ने दोनों के परिजनों को बुलाकर उनके सुपुर्द कर लिया। सोमवार को उनकी काउंसिलिंग कराई जाएगी।
बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन पदमा रानी ने बताया कि मॉडल टाउन में बाल देखभाल केंद्र परी कुंज से 16 मई की सुबह करीब पौने नौ बजे तीन किशोरी वार्डन को बाथरूम और बाकी बच्चियों को कमरे में बंद कर चली गई थीं। इस पर सीसीआई प्रभारी ने थाना मॉडल टाउन थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से ही पुलिस किशोरियों की लगातार तलाश कर रही थी।
शनिवार को पुलिस ने दो किशोरियों को जींद जिले से बरामद कर लिया। पुलिस दोनों को लेकर पानीपत पहुंची और बाल कल्याण समिति व बाल संरक्षण विभाग को इसकी सूचना दी। पुलिस ने अदालत में पेश कर दोनों किशोरियों के बयान दर्ज कराए और समिति के सुपुर्द कर दिया।
इसके बाद समिति की ओर से दोनों किशोरियों की काउंसिलिंग कराई गई। उन्होंने बताया कि वह परी कुंज से निकलने के बाद अमृतसर पहुंची थी। जहां पर स्वर्ण मंदिर में रही। इसी बीच एक किशोरी उनसे अलग हो गई थी। वहीं वे दोनों साथी रही। इसके बाद वह जींद में पहुंची। जहां से पुलिस ने उन्हें बरामद कर लिया। बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन पदमा रानी ने बताया कि किशोरियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। सोमवार को फिर से काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया है। ब्यूरो