पानीपत। स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर जाते हुए विद्यार्थी । फाइल फोटो।
- फोटो : Panipat
तीन महीने बाद फिर से स्कूलों में कक्षा छठी से आठवीं तक की कक्षाएं लगने जा रही हैं। इनके लिए स्कूल के दरवाजे शुक्रवार से खुलेंगे। स्कूल खुलने से पहले बुधवार को जिले के निजी और सरकारी स्कूल में सफाई का काम शुरू किया गया। साथ ही सभी कक्षाओं को सैनिटाइज करने का काम भी वीरवार तक कर लिया जाएगा। वहीं 9वीं से 12वीं की तरह ही स्कूलों में पानी की बोतल साथ लाने व अभिभावकों का अनुमति पत्र भी लाना होगा। अभिभावकों के अनुमति पत्र के बिना स्कूल में प्रवेश नहीं मिलेगा। पिछली बार स्कूल खुुलने के कुछ दिन बाद ही बड़ी संख्या में विद्यार्थी कोरोना संक्रमित आने लगे थे, जिसके बाद स्कूलों को फिर से बंद कर दिया गया था।
पिछली बार से सबक लेकर इस बार की जाएगी सख्ती
पिछली बार से सबक लेकर इस बार सभी स्कूलों में सख्ती अपनाई जाएगी। पिछली बार स्कूलों के साथ विद्यार्थियों ने भी लापरवाही बरती थी, जिसकी चलते करीब 50 विद्यार्थी कोरोना संक्रमित हो गए थे। इस बार नियमों का पालन करवाने के लिए सभी स्कूलों में सेफ्टी टीम गठित की गई हैं, जो कोविड-19 गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित कराएगी।
विद्यार्थियों का तापमान और हाजिरी रोज अवसर एप पर की जाएगी अपलोड
विद्यार्थियों के लिए स्कूल का समय 9 से 12 बजे तक रहेगा। सभी विद्यार्थियों का तापमान और हाजिरी रोज अवसर एप पर अपलोड की जाएगी। कक्षा में एक डेस्क पर एक ही बच्चा बैठेगा। जो विद्यार्थी कोरोना महामारी को देखते हुए स्कूल नहीं जाना चाहते, वे ऑनलाइन क्लास ले सकेंगे। स्कूल खुलने के बाद भी छठी से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन क्लास भी लगाई जाएगी। वहीं स्कूल में न आने वाले विद्यार्थियों की अनुपस्थिति दर्ज नहीं की जाएगी।
सभी स्कूलों में करवाया जाएगा नियमों का पालन : रमेश कुमार
सभी स्कूलों में नियमों का पालन करवाया जाएगा। शिक्षा विभाग द्वारा भेजी गई गाइडलाइन अनुसार ही विद्यार्थी स्कूल में आ सकेंगे। जो विद्यार्थी बिना मास्क के आएंगे उनको मास्क देकर प्रवेश करवाया जाएगा। वहीं सभी स्कूलों में गाइडलाइन पालन कराने के लिए सख्त आदेश भी दे दिए गए हैं।
-रमेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी