पानीपत। टीकाकरण के बाद मंगलवार को एक वृद्धा में प्रतिकूल प्रभाव देखने को मिले थे, हालांकि कुछ ही देर में प्रतिकूल प्रभाव को दूूर करने में डॉक्टरों को कामयाबी मिल गई। अब वृद्धा ठीक हैं। बुधवार को जिले में एक संक्रमित मरीज मिला और मेगा वैक्सीनेशन कैंप में 4390 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।
टीकाकरण के नोडल अधिकारी डॉ. मनीष पाशी ने बताया कि कुछ मरीजों में प्रतिकूल प्रभाव के रूप में हाथ में दर्द देखने को मिलता है, लेकिन घबराने जैसी कोई बात नहीं है। दवा देने के बाद वृद्धा का दर्द दूर हो गया था। यह बहुत ही सामान्य है। बुधवार को एक केस संक्रमित आने के साथ ही कुल एक्टिव केस की संख्या सात हो गई है। इसके साथ ही 703 लोगों के स्वॉब सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। अब तक जिला में 30443 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। इसके साथ ही अब तक कुल 352433 स्वॉब सैंपल की जांच की गई, जिसमें कुल पॉजिटिव 31090 मिले। डॉक्टरों ने कहा कि कोरोना गाइडलाइन का सभी लोग पालन करें और कोरोना से सुरक्षित रहने के लिए वैक्सीनेशन जरूर कराएं।
4390 को लगे टीके
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेगा वैक्सीनेशन कैंप का आयोजन किया गया। इसमें 18 से 44 के वर्ग में 2391 लोगों को पहली और 806 को दूसरी डोज दी गई। 45 से 60 के वर्ग में 374 लोगों को पहली और 819 को दूसरी डोज दी गई। कुल 4390 लोगों को टीके लगाए गए।