माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। मॉडल टाउन थाना क्षेत्र में एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, जातिसूचक टिप्पणियां करने और विरोध करने पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, 14 सितंबर को पानीपत स्थित उसके किराये के कमरे पर आरोपी ने उसके गले, पेट और छाती पर चाकू से वार किए।
बाद में गंभीर रूप से घायल युवती का पीजीआई रोहतक में इलाज कराया गया। हालत में सुधार होने के बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल, उसके भाई, मां और चाची के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि जींद के गांगोली निवासी राहुल ने उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ संबंध बनाए। वह करीब आठ महीने तक राहुल के गांव में रही। आरोप है कि इस दौरान राहुल की मां बबीता, चाची संतोष और भाई मोहित उसकी जाति को लेकर अभद्र टिप्पणियां करते थे और दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे।
पीड़िता ने राहुल के भाई पर अश्लील हरकत करने और छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया है। उसके अनुसार, राहुल शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। परेशान होकर वह अप्रैल में गांव छोड़कर पानीपत आ गई और किराये के कमरे में रहने लगी।
पुलिस बुलाने की चेतावनी देने पर किया हमला : पीड़िता के अनुसार, अलग होने के बाद भी राहुल उसका पीछा करता रहा। 14 सितंबर को वह उसके कमरे पर पहुंचा और संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। विरोध और पुलिस बुलाने की चेतावनी देने पर आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर उसके गले, पेट और छाती पर वार कर दिए। बीच-बचाव करने आया एक अन्य युवक भी घायल हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे मृत समझकर मौके से भाग गया। युवती को पहले जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। उसके शरीर पर चाकू के चार गंभीर घाव थे। इलाज के बाद उसने शिकायत की है।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। -जगमिंद्र, मॉडल टाउन थाना प्रभारी