पानीपत में बारिश के कारण इलाके में एक बिजली का पोल टूट गया था, जिससे तार सड़क पर लटक रहे थे। आशीष जब आसन कलां गांव के पास से गुजर रहा था, तभी उसकी बाइक लटकते तारों में उलझ गई।
पानीपत के मतलौडा क्षेत्र में आसन गांव के पास बिजली की तार में उलझकर मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की गर्दन धड़ से अलग हो गई। जिससे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक एक आढ़ती के पास ड्राइवर था और वीरवार को मतलौडा से पानीपत आ रहा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
हादसा मतलौडा क्षेत्र में आसन गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि मतलौडा निवासी आशीष शर्मा अंसल निवासी जगदीश बंसल की आढ़त पर ड्राइवर थे। वह वीरवार को करीब साढ़े 8 बजे मोटरसाइकिल लेकर मतलौडा से पानीपत आ रहे थे। आसन गांव के पास एक कंटेनर में उलझकर बिजली के तार लटके हुए थे। जैसे ही आशीष वहां पर पहुंचा तो वह बिजली के तार की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि आशीष की गर्दन धड़ से बिल्कुल अलग हो गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास के राहगीरों ने इसकी सूचना तुरन्त ही पुलिस को दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को भी इसकी सूचना दी। हादसे में आशीष की मौत होने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन तुरन्त नागरिक अस्पताल में पहुंच गए। पुलिस ने कंटेनर को भी अपने कब्जे में ले लिया है।