पानीपत। शहर थाना क्षेत्र स्थित एक दुकानदार से एक युवक ने धोखाधड़ी से एसी मंगा लिया। भुगतान मांगने पर टाल मटोल करने लगा। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ शहर थाना पुलिस को धोखाधड़ी से एसी ऐंठने की शिकायत दी है।
पुलिस को दी शिकायत में देशराज कॉलोनी निवासी विष्णु गोयल ने बताया कि उन्होंने जीटी रोड पर लार्ड शिवा इंटरप्राइजेज के नाम से शोरूम बनाया है। चार अगस्त को उसके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। जिसने खुद का नाम दिनेश बताते हुए कहा कि वह आठ मरला से बोल रहा है। उसे एक स्प्लिट एसी चाहिए।
उसने 35 हजार रुपये रेट बताया। युवक ने कहा कि रिक्शा में एसी भेजो, वह भुगतान करवा देगा। उसने रिक्शा में एसी लोड करवाकर भेज दिया। ई रिक्शा चालक दिए गए पते पर पहुंचा तो वह पर उसे पंकज नामक युवक मिला। दिनेश के कहे अनुसार ई रिक्शा चालक ने पंकज के पास एसी को उतार दिया। चालक ने रुपये मांगे तो पंकज ने कहा कि उसे दिनेश ने कहा था कि यह एसी इनाम में निकला है। पीड़ित ने आरोपी दिनेश के खिलाफ धोखाधड़ी से एसी ऐंठने की शिकायत दी है।