- सेक्टर-18 में गंदा नाला के पास कैंटर ने बाइक को मारी टक्कर, दोस्त की हालत गंभीर
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। न्यूजीलैंड जाने की तैयारी कर रहे शिक्षक के बेटे पुष्कर (19) और उसके दोस्त की मोटरसाइकिल को शनिवार शाम गंदा नाला सेक्टर-18 के पास कैंटर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में पुष्कर की मौत हो गई। वहीं, उनका दोस्त निश्चल फूलिया गंभीर रूप से घायल हो गए। पुष्कर को न्यूजीलैंड जाना था, उनकी 28 अक्तूबर की फ्लाइट थी। इस कारण वह विदेश जाने से पहले दोस्तों से मिलने गए थे। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। दीपावली और बेटे को विदेश भेजने की खुशियां मातम में बदल गई। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अहर गांव निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि वह काबड़ी स्कूल में प्रधानाध्यापक हैं। वर्तमान में उनका परिवार सेक्टर-7 में रहता है। शनिवार को उनका बेटा पुष्कर अपने दोस्त सेक्टर-18 निवासी निश्चल के साथ बाइक पर अजीजुल्लापुर गए थे। जैसे ही वह गंदे नाले के पास पहुंचे तो उनकी मोटरसाइकिल को कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में पुष्कर और निश्चल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पास के ही एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर चिकित्सक ने पुष्कर को मृत घोषित कर दिया। वहीं निश्चल को भर्ती कर लिया। उनकी हालत भी नाजुक बनी है। हादसे की सूचना पर थाना सेक्टर-13-17 पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। रविवार को पुष्कर के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पिता की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सामान पहुंच चुका था न्यूजीलैंड, 28 को थी फ्लाइट
परिजनों ने बताया कि पुष्कर दो भाई हैं। इसी वर्ष उन्होंने 12 वीं की परीक्षा पास की थी इसके बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए विदेश जा रहे थे। पुष्कर को न्यूजीलैड जाना था। उनका कुछ सामान पहले ही परिजनों ने न्यूजीलैंड एक जानकार के पास पहुंचा दिया था। 28 अक्तूबर को उनकी फ्लाइट थी। इस कारण घर में दीपावली के साथ-साथ पुष्कर के विदेश जाने की भी खुशियां मनाई जा रही थी। पुष्कर भी अपने दोस्तों के साथ समय बिता रहे थे। शनिवार को भी वह कुछ दोस्तों से मिलने के लिए घर से निकले थे लेकिन हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
गंदा नाला के पास सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हुई है। उसका दोस्त घायल है। मृतक के पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
-किरण, प्रभारी थाना सेक्टर-13-17