माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। बरसत रोड स्थित शालिनी गैस एजेंसी के पास बदमाशों ने दुकान से घर लौट रहे एक व्यापारी को लाठी-डंडों और ईंट से हमला दिया। हमलावर व्यापारी की जेब से 13 हजार रुपये की नकदी लूट ले गए।
भावना चौक निवासी दीपक ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनकी भैंसवाल मोड़ पर शराब के ठेके के पास दुकान है। वह मंगलवार रात करीब 11:15 बजे अपनी दुकान बंद कर पैदल ही घर लौट रहे थे। वह शालिनी गैस एजेंसी के सामने पहुंचे तो पांच युवकों ने उसे घेर लिया। फिर अचानक लाठी-डंडों से हमला किया और सिर पर ईंट मार दी। वह सड़क पर गिर पड़े। उसे अधमरा करने के बाद बदमाशों ने उसकी जेब में रखे 13 हजार रुपये निकाल ले गए। इसके बाद वह जिला नागरिक अस्पताल पहुंचा। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित के बयान दर्ज किए। तहसील कैंप थाना प्रभारी बंसीलाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।