ग्रामीण विधानसभा के अंतर्गत आने वाले गांव राजाखेड़ी और कचरौली के लोगों के लिए खुशखबरी है। पीडब्लयूडी गांव रजापुर से लेकर कचरौली तक 1.69 करोड़ रुपये से नई सड़क बनाने जा रहा है। इससे लोगों को एक दूसरे गांव में आने जाने में सहूलियत होगी और यातायात आसान होगा। वहीं, ये सड़क कचरौली के मेन स्कूल से भी जोड़ी जाएगी। जिससे बच्चों को भी स्कूल में आने जाने में परेशानी नहीं होगी।
अब तक यह रास्ता बेहद टूटा हुआ था। कचरौली स्कूल के आगे सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे बने हुए थे। जिससे रोजाना यहां हादसे हो रहे थे। दोपहिया वाहन चालक गिर कर चोटिल तक हो रहे थे। वहीं, रजापुर से कचरौली तक मेन रास्ते के निर्माण की आवश्यकता भी थी। इसे लेकर कई बार रजापुर व कचरौली के लोग ग्रामीण विधायक को भी गुहार लगा चुके थे। अब पीडब्ल्यूडी ने एससीएसपी स्कीम के अंतर्गत इस रास्ते का टेंडर लगाया है। ये रास्ता करीब डेढ़ किलोमीटर का है।
सोशल मीडिया पर डाली पोस्ट तो आया एक्सईएन का जवाब
टूटी सड़क से परेशान गांव के कुछ लोगों ने इस सड़क की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। बताया कि बाबरपुर मंडी के पास कचरौली गांव में मिडल स्कूल के पास की सड़क के हालात बेहद खस्ता हैं। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। यह लोगों के आने जाने का मुख्य मार्ग है। इस पर पीडब्ल्यूडी को संज्ञान लेना चाहिए। इसी बीच एक्सईएन अजीत सिंह ने सोशल मीडिया पर वायरल इस पोस्ट को टैग करते हुए पीडब्ल्यूडी द्वारा लगाया गया 1.63 करोड़ के टेंडर को लेटर भेज दिया।
निगम एक्सईएन अजीत सिंह ने बताया कि एक जुुलाई को इसका टेंडर लगाया जा चुका है। जल्द ही काम का वर्क आर्डर जारी कर इसे शुरू करवा दिया जाएगा। वहीं, वर्कआर्डर के बाद तुरंत प्रभाव से सड़क निर्माण का काम भी शुरू हो जाएगा।