पसीना खुर्द गांव में टूटी मकान की छत। संवाद
- फोटो : samvad
पानीपत। पसीना खुर्द गांव में वीरवार शाम चार बजे के करीब कड़ियों की छत गिर गई। इस हादसे में चार साल के बच्चे आयुष की मौत हो गई मां और एक भाई घायल हो गए। ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ दोनों को मलबे से बाहर निकाला। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बिना अंतिम संस्कार कर दिया है।
पसीना खुर्द गांव के बालिंद्र कुमार ने बताया कि उनका चचेरा भाई रविंद्र दिहाड़ी मजदूरी करता है। वह वीरवार दोपहर के समय अपने दोनों बच्चों को स्कूल से घर लेकर आया था। रविंद्र खाना खाकर मजदूरी पर चला गया। उनकी पत्नी सोनिया, बेटा साहिल और छोटा बेटा आयुष (04) कमरे में सो गए। छत का लकड़ी का शहतीर बीच से टूट गया। कमरे की छत धड़ाम के साथ नीचे आ गिरी। पड़ोसी आवाज सुनकर आए। पड़ोसियों ने दरवाजा खोलकर मलबे में दबे सोनिया, साहिल और आयुष को बाहर निकाला। उनको जीटी रोड सिवाह बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए। चिकित्सकों ने आयुष को मृत घोषित कर दिया। सोनिया का हाथ टूट गया है। इसके साथ उनके चेहरे और कान पर चोट लगी है। रविंद्र ने बताया कि आयुष का इसी सत्र में एक प्ले-वे स्कूल में दाखिला कराया था।
पसीना खुर्द गांव में टूटी मकान की छत। संवाद- फोटो : samvad