रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी करने में गिरफ्तार 11वें आरोपी सक्षम से पुलिस ने रिमांड के दौरान 55 हजार रुपये बरामद किए हैं। उक्त मामले में 10 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर 23 रेमडेसिविर इंजेक्शन, 6 लाख 11 हजार रुपये, दो कार एवं इंजेक्शन के स्टीकर बरामद कर न्यायिक हिरासत जेल भेजा जा चुका है।
सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल ने बताया कि शुक्रवार शाम गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देते हुए आरोपी सक्षम को सेक्टर-18 पानीपत से काबू किया था। आरोपी सक्षम को न्यायालय में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी ने 15 हजार रुपये प्रति इंजेक्शन के हिसाब से 5 इंजेक्शन 75 हजार रुपये में बेचे थे। जिनमें से 20 हजार रुपये खाने-पीने में खर्च कर दिए और बचे हुए 145 इंजेक्शन गोहाना रोड पर नहर में फेंक दिए थे। इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया कि आरोपी के कब्जे से बची 55 हजार रुपये की नकदी बरामद कर रिमांड अवधि पूरी होने पर आरोपी सक्षम को सोमवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।