पानीपत। प्राचीन देवी मंदिर के प्रधान काकू बंसल की बंसल वुलेन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी आरोपी आशीष गुप्ता से छह दिन की रिमांड अवधि के दौरान पुलिस ने 50 लाख रुपये और बरामद किए हैं। वीरवार को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे फिर जेल भेज दिया गया।
अग्रवाल वैश्य पंचायत समिति के प्रधान काकू बंसल ने बताया था कि उसकी पचरंगा बाजार में बंसल वूलेन प्राइवेट लिमिट के नाम से दुकान है। उनके पास पिछले 14 माह से तहसील कैंप के जवाहर नगर का निवासी आशीष गुप्ता काम करता था। वह बाजार से पेमेंट लाने और देकर आने का काम करता था। उन्होंने चार अगस्त को सुबह 10 बजे आशीष को एक पार्टी को साढ़े 11 लाख रुपये देने के लिए रुपये देकर भेजा था, लेकिन वह फरार हो गया। इसके अलावा आरोपी उनकी एक पार्टी से उनके नाम पर 60 लाख रुपये ओर लेकर गया था।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी से 11 लाख 12 हजार 500 रुपये बरामद कर उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया था। वहां से उसे छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। पुलिस ने रिमांड अवधि के दौरान आरोपी के कब्जे से 50 लाख रुपये और उसके घर से बरामद किए। बाद में उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।