माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिला सचिवालय में वीरवार को आयोजित जिला स्तरीय जनता समाधान शिविर में 44 लोगों ने अपनी समस्याएं रखी। इनमें पुलिस, पेंशन, क्रीड विभाग की सबसे अधिक समस्याएं शामिल रहीं। इस दौरान राजकीय अंध विद्यालय में भवन की मांग भी जनता दरबार में उठाई।
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि समाधान शिविर में आईं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है।समाधान शिविर में आने वाली समस्याओं की हर शुक्रवार को समीक्षा की जाती है। डीएसपी राजबीर ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। भूपेंद्र ने अंध विद्यालय में में सरकारी भवन बनवाने की मांग की। फतेह सिंह वासी देसराज काॅलोनी ने मंदबुद्धि लड़की को सरकार की योजना के तहत पेंशन दिलवाने की मांग की। गीता रानी वासी वार्ड-7 ने प्रशासन से राशन कार्ड बनवाने के लिए अनुरोध किया। कोमल वासी मखीजा कॉलोनी ने आर्थिक सहायता दिलवाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि उनका बेटा किडनी और दिल का मरीज है। उनकी हालत बहुत खराब है। इलाज के लिए रोहतक पीजीआई से दिल्ली रेफर किया है। प्रदीप, गौरव, जोगिंदर, शीशपाल, रोशनी, आशु और अनीश के अलावा दर्जनों नागरिकों ने वार्ड- 2 से डेयरी शिफ्ट करने व गोबर से भारी नालियों की सफाई कराने का अनुरोध किया। सुनीता वासी वार्ड 12 ने नया बिजली का कनेक्शन मंजूर कराने की मांग की। धर्मवीर वासी आदियाना ने गन्ना बीज के आग से जलने के बाद प्रशासन से आर्थिक सहायता की ममांग की। सोना देवी वासी बड़ौली ने पानी की समस्या प्रशासन के समक्ष रखी। मामन सिंह ने अपने पिता की मृत्य उपरांत पेंशन बंद कराने का अनुरोध किया। इस मौके पर जिला परिषद सीईओ डॉ. किरण सिंह, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएचओ शार्दुल शंकर, एसडीओ सूबे सिंह व एसडीओ वीरेंद्र दहिया मौजूद रहे।