पानीपत जींद मुख्य मार्ग पर पंचायत मंत्री के गांव की सड़क पर बने गहरे गड्ढे।
- पानीपत-जींद मुख्य मार्ग पर जगह-जगह बने हैं गहरे गड्ढे
संवाद न्यूज एजेंसी
मतलौडा। पानीपत-जींद मुख्य मार्ग पर जगह-जगह गड्ढों की भरमार है। इसी मार्ग पर स्थित पंचायत मंत्री के गांव मतलौडा के स्टैंड चौक पर सड़क का बुरा हाल है। सड़क पर गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कस्बा मतलौडा के बस स्टैंड चौक पर बने गहरे गड्ढों में बारिश के दौरान निकासी न होने पानी भर जाता है जिससे आने जाने वाले वाहन चालकों को गड्ढे दिखाई नहीं देते और चोटिल होने का खतरा हर समय रहता है। इससे आसपास के 36 गांव सहित पानीपत जींद मार्ग से गुजरने वाले स्थानीय लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
दुकानदार अमित कुमार, राजेश कुमार, रोहतास, लवदीप तथा ग्रामीणों जोगिंदर सिंह, बलवान, शमशेर सिंह, सतीश कुमार ने बताया कि मतलौडा बस स्टैंड चौक के पास सड़क की स्थिति ज्यादा खराब है। बरसात के मौसम में राहगीरों का पैदल निकलना बहुत मुश्किल हो जाता है। पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पवार का रिहायशी क्षेत्र होने के बावजूद सड़क की दशा सुधारने की दिशा में कोई कार्य नहीं किया जा रहा। वहीं सड़क के चौड़ा करने और इसके दोहरीकरण का कार्य शुरू भी नहीं हो पाया है। इससे बस स्टैंड चौक पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। कस्बा वासियों और आसपास के गांव के लोगों ने पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पवार से सड़क की दशा सुधारने की मांग की है ताकि आम लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
पानीपत जींद मुख्य मार्ग पर पंचायत मंत्री के गांव की सड़क पर बने गहरे गड्ढे।