पानीपत। वार्ड नंबर 15 के किशनपुरा में रेलवे लाइन के साथ करीब 41 लोगों ने निगम की जमीन पर कब्जे कर रखे हैं। इसका खुलासा निगम की एक रिपोर्ट में हुआ है। ये रिपोर्ट निगम अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण करके बनाई है। इसके आधार पर अब निगम अवैध कब्जाधारियों को नोटिस जारी करेगा। हालांकि अभी तक निगम की तरफ से कब्जा करने वालों पर कोई खास कार्रवाई नहीं हो पाई है। जबकि स्वयं निगम आयुक्त आरके सिंह इसका निरीक्षण कर चुके हैं।
खास बात यह कि इन कब्जा और अतिक्रमण करने वाले लोगों ने निगम की जमीन के साथ नाले को नहीं छोड़ा। कुछ ने नाले के चारों तरफ दीवार तक बना दी है। इसकी शिकायत स्थानीय पार्षद व लोगों ने निगम आयुक्त से की थी लेकिन मामले को कोर्ट में विचाराधीन कहने की बात को लेकर कार्रवाई नहीं की जा सकी।
एक अवैध निर्माण और कब्जे को लेकर जब निगम अधिकारियों व कर्मचारियों ने मौके का निरीक्षण किया तो यहां 41 कब्जाधारी और अतिक्रमण के केस मिले। निगम ने सभी का नाम-पता नोट कर रिपोर्ट अधिकारियों को सौंप दी है। इसमें जिक्र किया गया है कि निगम की जमीन और नाले पर कब्जा करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले इनको एक बार नोटिस देना उचित होगा।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले पर कब्जे के चलते उसकी सफाई नहीं हो पाती। निगम अधिकारियों ने उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की तो वे कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगे। दूसरी तरफ जनप्रतिनिधियों का कहना है कि वे किसी भी सूरत में शहर के अंदर कब्जों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसे लेकर पार्षदों की एक बैठक मेयर व आयुक्त के साथ भी हो चुकी है।
कब्जे नहीं होने देेंगे
शहर की किसी भी कॉलोनी में कब्जे नहीं होने दिए जाएंगे। वार्ड 15 के पार्षद व लोगों की शिकायत मिली थी। इस पर मेयर के साथ बैठकर विचार-विमर्श भी किया गया। अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। -रविंद्र भाटिया, पार्षद, वार्ड नंबर दस।
वर्जन-
करवाएंगे कार्रवाई
सरकारी जमीन और सरकारी नाले पर किए जाने वाले कब्जों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इनके खिलाफ निगम व सरकार से सख्त सख्त कार्रवाई करवाई जाएगी। इसके लिए चाहे जहां तक जाना पड़े जाएंगे। -अशोक छाबड़ा, पार्षद पति, वार्ड नंबर 15