बिजली निगम ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति में एक घंटे की कटौती कर नया शेड्यूल जारी कर दिया है। नए शेड्यूल के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्र में अब 12 घंटे के बजाय 11 घंटे बिजली दी जाएगी। जिसमें रात को चार घंटे का लंबा कट भी होगा। निगम ने नया शेड्यूल दो अक्तूबर से ही जारी कर दिया है।
बिजली निगम ने एक साल में दूसरी बार ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के समय में कटौती की है। वर्ष 2014 में ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति का शेड्यूल 14 घंटे का था। निगम द्वारा अक्तूबर में 2014 में डोमेस्टिक फीडरों पर दो घंटे की कटौती कर 12 घंटे का शेड्यूल जारी किया था। अब एक वर्ष बाद निगम ने फिर से एक ग्रामीण क्षेत्र में एक घंटे की कटौती करते हुए नया शेड्यूल जारी कर दिया है। निगम द्वारा दो अक्तूबर को आधी रात से ही इस शेड्यूल को लागू किया है।
आधी रात से लगेगा चार घंटे का कट
बिजली निगम ने ग्रामीण क्षेत्र के डोमेस्टिक फीडरों के लिए जारी किए 11 घंटे की शेड्यूल को तीन चरणों में बांटा है। नए शेड्यूल के मुताबिक प्रथम ग्रुप के फीडरों पर चार बजे से सात बजे तक, फिर दिन में 11 बजे से दोपहर एक बजे तथा शाम को छह बजे से रात को 12 बजे तक बिजली मिलेगी। उसके बाद रात को 12 बजे से लेकर सुबह चार बजे तक बिजली कट रहेगा। वहीं ग्रुप बी के फीडरों पर सुबह चार बजे से सात बजे तक, व दोपहर एक बजे से तीन बजे तक व शाम को छह बजे से रात को 12 बजे तक बिजली आपूर्ति होगी। उसके बाद दोनो ग्रुप के फीडर सुबह चार बजे तक बंद रहेंगे।
वर्जन
ग्रामीण क्षेत्र के फीडरों के लिए बिजली का नया शेड्यूल जारी किया गया है। जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के डोमेस्टिक फीडरों पर तीन चरणों में 11 घंटे बिजली आपूर्ति की जाएगी। नया शेड्यूल दो अक्तूबर से जारी किया गया है।
बीएस गर्ग, अधीक्षण अभियंता बिजली निगम पानीपत।