पानीपत। राष्ट्रीय लोक अदालत में शनिवार को 34079 मुकदमों का आपसी सहमति से निपटारा किया। अदालत में निपटान की राशि करीब 9.25 करोड़ रुपये रही। इनमें पानीपत के 31563 और समालखा सब डिवीजन में 2516 मुकदमों का निपटारा किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत पानीपत व समालखा में लगाई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुदेश कुमार शर्मा ने इसका शुभारंभ किया। न्यायाधीश, वकील, वादीयों, बीमा और बैंक प्रतिनिधियों के बीच न्यायालय में निजी रूप से आकर नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया। लंबित मामलों के साथ पूर्व मुकदमेबाजी के मामलों से निपटने के लिए लोक उपयोगिता सेवाओं की खंडपीठ का भी गठन किया। जिसमें दुर्घटना के दावे, चेक बाउंस, बैंक वसूली, नागरिक विवादों से संबंधित सार्वजनिक उपयोगिता सेवाएं, उपभोक्ता कमीशन के केस भी शामिल किए। इसके साथ घरेलू हिंसा अधिनियम से संबंधित कंपाउंडेबल अपराधों के आपराधिक मामले भी शामिल किए।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मीनू ने बताया कि लोक अदालत विवादों के निपटान के प्रभावी तरीकों में से एक है। इसमें विवादों का सौहार्दपूर्वक निपटारा किया जाता है।