पानीपत। दत्ता कॉलोनी के एक सिक्योरिटी सर्विस संचालक ने सावन पार्क निवासी एक व्यक्ति पर पंजाब यूनिवर्सिटी में चार सुरक्षाकर्मियों का टेंडर दिलवाने के नाम 11 लाख की ठगी का आरोप लगाया है। आरोप हैं कि ठेका दिलवाने वाले ने खुद को सीआईडी का डीएसपी बताया। पुराना औद्योगिक पुलिस थाना पुलिस को इसकी शिकायत दी है।
अमित शर्मा ने थाना पुलिस शिकायत में बताया कि वह एसवी सिक्योरिटी चलाता है। उनका कार्यालय महाजन फैक्टरी के पास है। उनकी एजेंसी के माध्यम 100 से ज्यादा गार्ड व सफाईकर्मी कई फैक्टरियों में काम करते हैं। सावन पार्क कॉलोनी के एक व्यक्ति ने खुद को पंचकूला में सीआईडी का डीएसपी बताया और पंजाब यूनिवर्सिटी में चार हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती टेंडर दिलवा देने की बात कही। उसने आरोप लगाया कि उसको जनवरी महीने में चंडीगढ़ स्थित सचिवालय ले गया। उक्त व्यक्ति सचिवालय में चला गया, जबकि वह बाहर कार में रहा। उसने कुछ देर बाद आकर उससे टेंडर की ऐवज में 11 लाख की मांग की। उसने उसे दो बार में 11 लाख रुपये दिए। उसने आरोप लगाया कि उसको सुरक्षाकर्मियों की तैनाती का टेंडर नहीं मिला। उसने उससे पैसे वापस मांगे तो वह आनाकानी करने लगा।
पुराना औद्योगिक थाना के प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को अमित शर्मा की शिकायत मिली है। उसने सुरक्षाकर्मियों का ठेका दिलवाने के नाम पर 11 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।