पानीपत। अभिभावकों की लगातार कोशिशों के बाद स्कूल संचालकों को आखिर उनकी सुननी पड़ी। डीईओ की ओर से स्कूल संचालकों को नोटिस दिए जाने के बाद नियम 134ए के तहत दाखिले का रास्ता खुल गया है। वीरवार को जब अभिभावक अपने बच्चों का दाखिला कराने के लिए स्कूलों में पहुंचे तो स्कूल संचालकों ने उनकी बात मान ली और सोमवार को बच्चों को दाखिला देने की बात कही। इसके अलावा जिन बच्चों को स्कूल बदलना है, उनकी लिस्ट शुक्रवार को जारी होगी। यह बच्चे स्कूल बदलने का आवेदन 27 से 30 अप्रैल के बीच कर चुके हैं।
अभिभावक नरेश वर्मा ने बताया कि उन्होंने बच्चों को दाखिला दिलाने के लिए हजारों कोशिश की थी लेकिन उन्हें दाखिला नहीं मिला था। आखिर जब सभी अभिभावकों ने प्रदर्शन करते हुए डीईओ व उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा तब जाकर उन स्कूल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई। उनको निर्देश मिला कि वह सभी 10 तारीख तक सभी 134 ए के तहत पढ़ने वाले बच्चे हैं, उनका दाखिला लें। जिसके बाद वीरवार को जब सभी अभिभावक स्कूलों में पहुंचे तो संचालकों के व्यवहार में भी बदलाव दिखा। उन्होंने बच्चों का दाखिला सोमवार को करने का आश्वासन दिया।
134ए के तहत 17 मई को होगा दूसरा लक्की ड्रॉ : उधर, जिला शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी किए गए निर्देश के अनुसार 134ए के तहत दूसरी ड्रॉ 10 मई से बढ़ाकर 17 मई कर दी गई है। इस निर्देश के बाद सभी अभिभावकों में रोष पैदा हो चुका है। अभिभावकों का कहना है कि विभाग तारीख पर तारीख देता जा रहा है। विभाग जितनी ज्यादा देरी स्कूल की ड्रॉ करने में लगा रहा है, उतनी ही देरी के कारण बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। बच्चों की शिक्षा पर गहरा असर पड़ता जा रहा है। क्योंकि एक अप्रैल से ही स्कूलों में बच्चों की शिक्षा शुरू करवा दी जाती है, लेकिन हमारे बच्चों का भविष्य तो ड्रॉ के साथ लटका हुआ है, जितनी जल्दी विभाग स्कूल अलॉट करेगा उतनी ही जल्दी बच्चों का दाखिला हो पाएगा।