महर्षि कश्यप बहुतकनीकी जाटल में जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थी। स्रोत : संस्थान
- फोटो : Archive
थर्मल। जाटल गांव स्थित महर्षि कश्यप बहुतकनीकी संस्थान में वीरवार को नशामुक्त हरियाणा अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान के प्राचार्य राजीव नरवाल की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में 260 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने नशा न करने की शपथ ली।
हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो के जागरूकता एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और उज्ज्वल भविष्य को तबाह कर देता है। डॉ. वर्मा ने प्रेरक अंदाज में कहा कि यदि नशा होता अच्छा, तो मां कहती खा ले मेरे बच्चा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा, योग, साइकिल चलाने और रचनात्मक गतिविधियों को जीवन में अपनाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा करने वाले व्यक्ति से तिरस्कार करने के बजाय उसे इलाज और पुनर्वास के लिए प्रेरित करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही नशे से जुड़ी सूचना या सहायता के लिए राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 और ब्यूरो की हेल्पलाइन 90508-91508 जारी की गई। संवाद