समालखा (पानीपत)। सील किए गए गोदाम एल-1 से शराब चोरी के मामले में एक और आरोपी को सीआईए-2 ने गिरफ्तार किया है। गांव मांडी निवासी आरोपी वेदपाल ऊफ वेदप्रकाश एक साल से फरार चल रहा था। इस मामले में यह 20वीं गिरफ्तारी है। हाल में वह सोनीपत के दतोली में रह रहा था। उसे वहीं से दबोचा गया है।
सीआईए-2 प्रभारी विरेंद्र सिंह ने बताया 28 अप्रैल 2020 को एक्साइज विभाग के अधिकारी राजेश रोहिल्ला ने थाना समालखा में शिकायत देकर बताया था कि विभाग ने एक फर्म को एल-1 एबी समालखा का लाइसेंस दिया था। अनियमितताएं पाए जाने पर 22 सितंबर 2016 को लाइसेंस कैंसल कर गोदाम को सील कर दिया गया था सील गोदाम से अप्रैल 2018 मे शराब चोरी हो गई थी।
इस संबंध में थाना समालखा मे मुकदमा भी दर्ज करवाया गया था। एक बार फिर गोदाम से शराब चोरी होने के बारे में उन्हें गुप्त सूचना मिली तो उन्होंने गोदाम पर जाकर देखा। वहां पिछला शटर उखड़ा हुआ मिला। राजेश रोहिल्ला (एईटीओ) की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की थी। अभी तक 20 आरोपियों को सीआईए-2 गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।