पानीपत। आठ मरला कॉलोनी निवासी एक महिला के एसबीआई बैंक के खाते से 20 हजार रुपये पार हो गए। शिकायत पर मॉडल टाउन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जाट रोड स्थित 8 मरला कॉलोनी निवासी रानी पत्नी अनिल ने बताया कि 21 नवंबर को एटीएम से रुपये निकालने गई थी, लेकिन रुपये नहीं निकल पाए। बाद में फोन पर खाते से 20 हजार रुपये कटने का मैसेज मिला। बैंक मैनेजर ने बताया कि डेबिट कार्ड से रुपये निकाले गए हैं। महिला का कहना है कि किसी ने उसके डेबिट कार्ड का क्लोन कार्ड बनाकर नकदी निकाली है।
महिला के खाते से 11 हजार रुपये की चोरी
पानीपत। न्यू रमेश नगर में रहने वाली पायल पत्नी विक्की के एसबीआई बैंक खाते से 11140 रुपये चोरी हो गए। उसने 31 अक्तूबर को अपने जानकार से खाते में ये रुपये ट्रांसफर कराए थे। पीड़िता ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी है। उसने बताया कि उसके पास ना किसी का कॉल आया और न ही उसने किसी को ओटीपी बताया। इसके बावजूद खाते से रुपये कट गए। शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।