पानीपत। ठग ने कार चालक को बुकिंग के नाम पर 20 हजार रुपये का चूना लगा दिया। आरोपी ने बुकिंग के 65 में से 60 हजार रुपये एडवांस देने का झांसा दिया और उसे बातों में फंसा लिया। भुक्तभोगी ने आरोपी के खिलाफ मॉडल टाउन थाने में शिकायत दी है।
मॉडल टाउन थाना पुलिस को दी शकायत में ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि 13 जून को उसके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि उसे सोनीपत से अहमदाबाद के लिए गाड़ी चाहिए। उनके बीच 65 हजार रुपये किराया तय हुआ। कॉल कर्ता ने कहा कि वह 60 हजार पहले और पांच हजार रुपये काम होने के बाद देगा। डील के अनुसार उसने गाड़ी आरोपी द्वारा बताए गए पते पर सोनीपत भेज दी। कॉलकर्ता को कॉल कर रुपये मांगे तो उसने एक रुपया पहले खाते में ट्रांसफर किया और एक स्कैनर भेजा। कॉलकर्ता ने कहा कि स्कैन करने के बाद छह बार 10-10 हजार रुपये भरकर पासवर्ड डाले, इससे 60 हजार रुपये खाते में आ जाएंगे। कहे अनुसार उसने दो बार ऐसा किया, लेकिन खाते में रुपये आने के बजाय खाते से 20 हजार रुपये डेबिट हो गए। उसने आरोपी को कॉल की तो उसने कहा कि रुपये जल्द खाते में आ जाएंगे, लगातार बार कोड स्कैन कर रुपये भरते रहो। उसने मना किया तो आरोपी गालीगलौज करने के बाद फोन काट दिया। आरोपी ने धोखाधड़ी से उससे 20 हजार रुपये हड़प लिए।