जरूरत पड़ी तो बसें व सीटें और लगा दूंगा, लेकिन बेटियां पढ़नी चाहिए : पंवार
अमर उजाला ब्यूरो
मतलौडा। परिवहन एवं आवास मंत्री कृष्णलाल पंवार ने सोमवार को स्थानीय राजकीय कन्या कॉलेज में हवन कर नए सत्र वर्ष 2017-18 का शुभारंभ किया। जिसमें कॉलेज की छात्राओं व शिक्षक स्टाफ ने सामूहिक रूप से हवन में हिस्सा लेकर पूर्ण आहुति डाली।
मंत्री पंवार ने कहा कि उक्त कॉलेज में बीए की 240 सीटें थी। कॉलेज प्रशासन की डिमांड पर 80 सीटें और कॉलेज में आने पर अब बीए की कुल 320 सीटें हो गई। लड़कियों को घर से कॉलेज आने जाने के लिए रोडवेज की पांच बसें लगाई हुई है। कॉलेज में सीटों की व बसों की और जरूरत होगी तो उन्हें भी लाने के लिए तैयार हैं, लेकिन बेटियाें के ज्यादा से ज्यादा पढ़-लिखकर समाज का नेतृत्व करने के लिए आगे आने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार हर 20 किलोमीटर पर एक कन्या कॉलेज खोलने के लिए जल्द ही विधानसभा में पास करने जा रही है। ताकि देहात की लड़कियां ज्यादा संख्या में पढ़ लिख सकें। उन्होंने छात्राओं को कहा कि उन्हें किसी प्रकार की कोई दिक्कत आए तो किसी समय भी नि:संकोच उनसे मिलकर अपनी समस्या बता सकती हैं। उसका तुरंत समाधान किया जाएगा। कॉलेज प्रिंसिपल सरोज अहलावत ने उनके कॉलेज में बीए की 80 सीट और लाने पर मंत्री कृष्णलाल पंवार का आभार व्यक्त किया और छात्राओं ने तालियां बजाकर स्वागत किया। इसके बाद मंत्री पंवार ने हरी झंडी दिखाकर कॉलेज की छात्राओं को रोडवेज बस से रवाना किया।