अध्यापक ने छात्रा से की छेड़छाड़
अमर उजाला ब्यूरो
मतलौडा। राजकीय कन्या स्कूल में 50 वर्षीय अध्यापक ने स्कूल की छात्रा से छेड़छाड़ की। छात्रा ने इसकी शिकायत स्कूल की अध्यापिका से और फिर प्रिंसिपल से की। स्कूल की बदनामी के डर के मारे स्कूल प्रशासन ने मामले को दबाने की कोशिश की। लेकिन मामला डीईईओ पानीपत तक पहुंचा। डीईईओ के आदेश पर स्कूल की कमेटी ने मामले की जांच रिपोर्ट उन्हें सौंपी। जिसके आधार पर मामला वाकई गंभीर पाए जाने पर डीईईओ ने दोषी अध्यापक को चार्जशीट कर उसका तबादला समालखा खंड क्षेत्र में कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार मामला 22 फरवरी का है। कक्षा में पढ़ाते दौरान अध्यापक ने गलत हरकत की। जांच के दौरान पता लगा कि आरोपी अध्यापक इससे पहले भी इस लड़की के साथ गलत हरकत करता था। लेकिन पीड़िता शर्म व डर के मारे मामले को दबाती रही। लेकिन हद तो तब हो गई जब अध्यापक ने कक्षा में ही लड़की के साथ बदतमीजी की। लड़की ने हिम्मत करके अध्यापिका से शिकायत की तो वह लड़की को प्रिंसिपल के पास ले गई, लेकिन स्कूल की बदनामी के चलते स्कूल प्रशासन ने मामले को दबा दिया। बाद में परिजनों ने मामले को बीईओ और डीईईओ के संज्ञान में लाया गया।
इस संबंध में स्कूल प्रिंसिपल का कहा कि उनके स्कूल में अध्यापक द्वारा लड़की से छेड़छाड़ का मामला हुआ था। दोषी अध्यापक का तबादला कर दिया गया है।
बीईओ मनीष गुप्ता ने कहा कि राजकीय कन्या स्कूल में एक अध्यापक ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की थी। स्कूल की कमेटी की जांच रिपोर्ट में दोषी पाए जाने पर अध्यापक को चार्जशीट कर उसका तबादला समालखा खण्ड में किया गया है।