पानीपत। शिक्षा विभाग 134 ए के तहत अभिभावकों को तारीख पर तारीख देते जा रहा है, जिसके कारण अभिभावकों में रोष बना है। उन्होंने इसी मामले को लेकर शनिवार को सुबह 9 बजे शहरी विधायक के कार्यालय पहुंचकर घेराव किया। सभी अभिभावकों ने अपनी-अपनी समस्या को विधायक के सामने रखा। विधायक ने सभी अभिभावकों को आश्वासन दिया कि अब सभी बच्चों को दाखिला कराने की जिम्मेदारी उनकी है। विधायक ने एसीएस से बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द सभी बच्चों का दूसरे ड्रॉ के तहत दाखिला हो जाएगा।
शिक्षा विभाग ने छठवीं बार दूसरे ड्रॉ की तारीख निकाली है। पहले शिक्षा विभाग ने अप्रैल के अंत में तारीख निकाली, दूसरी तारीख 10 मई, तीसरी तारीख 17 मई, चौथी तारीख 23 मई, पांचवीं तारीख मिली 31 मई और अब छठी तारीख 7 जून को दी है। जिसके बाद अभिभावकों के चेहरों पर मायूसी दिखाई दी। अभिभावकों ने सुबह 10 बजे शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी के कार्यालय में जाकर उनको अपनी समस्या के बारे में अवगत कराया। एसीएस ने बताया कि 3 जून से 6 जून तक अभिभावक अपने फार्म को दोबारा ओपन कर अपडेट करें। जिसके बाद ही उनके बच्चों का दाखिला हो पाएगा। सोकेंद्र बालियान ने कहा कि प्रशासन अभिभावकों व बच्चों को गुमराह कर रहा है। स्कूलों की छुट्टी पड़ने के बाद भी विभाग की आंख नहीं खुली है। अगर इस बार भी दाखिला नहीं हुआ तो वह दिल्ली में जाकर पीएम के सामने पेश होंगे।
विधायक रोहिता रेवड़ी ने कहा कि जल्द ही बच्चों को स्कूलों में दाखिला मिल जाएगा। 10 जून तक पहले ड्रॉ के बच्चों को दाखिला मिल जाएगा। 7 जून को दूसरा ड्रॉ निकाला जाएगा, जिसमें सभी बच्चों के स्कूल अलॉट कर दाखिला दिया जाएगा।