पानीपत। जीटी रोड के दोनों ओर बसे पानीपत में जाम बेलगाम हो गया है। यानी जाम नहीं लगे, इस पर प्रशासन का कोई जोर नहीं है। इसकी मुख्य वजह है सुबह 8 से रात 8 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री पर रोक के बावजूद शहर में उनका बेधड़क चले आना। नियमों को ताक पर रख दिया गया, नतीजतन शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पटरी से उतर गई है। दिन में भारी वाहनों को रोकने के लिए असंध रोड, एनएफएल नाका व टोल प्लाजा बलजीत नगर नाके पर पुलिस भी तैनात की गई है। बावजूद इसके भारी वाहनों का शहर में आना जारी है और शहरवासी जाम से हलाकान हैं। लोगों का आरोप है कि पुलिस ही भारी वाहनों की शहर में एंट्री करा रही है। वहीं दूसरी ओर शहर की पांच किलोमीटर लंबी सर्विस रोड ऑटो चालकों के लिए है, लेकिन यहां पर अवैध रूप से वाहन खड़े रहते हैं। नतीजे के रूप में ऑटो मुख्य सड़क पर चलने से जाम और भी भयावह रूप ले लेता है।
शहर के इन प्वाइंट्स पर लगता है जाम : शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा चुकी है। गोहाना मोड़, संजय चौक, सब्जी मंडी, रेलवे रोड कट, लालबत्ती चौक व रामलाल चौक पर हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती है। प्रशासन शहर को जाम से मुक्त करने में पूरी तरह से विफल रहा है। शहर में भारी वाहनों की एंट्री, रोडवेज बसों का बीच सड़क पर सवारियों को उतारना व गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जाम का मुख्य कारण हैं। प्रशासन इसको रोकने में कामयाब नहीं हो पा रहा है।
गोहाना मोड़ पर दो धर्मकांटों पर खड़े रहते हैं भारी वाहन : गोहाना मोड़ पर दो धर्मकांटे हैं। दोनों पर दिन-रात ट्रक, ट्रॉले-कैंटर खड़े रहते हैं। ये किसी भी वक्त शहर में घुस जाते हैं। इन्हीं के कारण गोहाना रोड पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। गोहाना मोड़ पर पुलिस की तैनाती के बाद भी भारी वाहनों को नहीं रोका जाता। ऐसे में गोहाना मोड़ के दुकानदार भी काफी परेशान हैं। दुकानदार अशोक कुमार, जयबीर व ओम प्रकाश ने कहा कि गोहाना मोड़ पर भारी वाहनों के प्रवेश से जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे उनकी दुकानदारी भी प्रभावित रहती हैं। धर्मकांटे से वाहन निकलकर रोहतक गोहाना मोड़ से होते हुए सेक्टर 29 व 25 में जाते हैं।
नांगलखेड़ी के पास से हटी पुलिस : शहर में भारी वाहनों को रोकने के लिए नांगलखेड़ी गांव के पास पुलिस की तैनाती की गई थी, ताकि भारी वाहनों को फ्लाईओवर से गुजारा जा सके। लेकिन काफी दिनों से यहां पुलिस मौजूद नहीं है। इसी का फायदा उठाकर भारी वाहन शहर में घुस रहे हैं।
टोल प्लाजा से घुसते हैं भारी वाहन : करनाल की ओर से आने वाले भारी वाहन फ्लाईओवर से गुजरने की बजाय सीधे शहर में घुस आते हैं। इस कारण बरसत रोड कट पर, बस स्टैंड, लाल बत्ती व संजय चौक पर जाम लग जाता है।
सनौली रोड भी होता है जाम : सनौली रोड पर बलजीत नगर नाके पर पुलिस की तैनाती भारी वाहनों की एंट्री को रोकने के लिए गई है। लेकिन यूपी की ओर आने वाले वाहन सीधे शहर में घुस जाते हैं। जिस कारण मारबल मार्केट के पास जाम की स्थिति बनी रहती है।
ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से लग रहा जाम : फैक्टरियों में ट्रैक्टर-ट्रालियों का कर्मिशयल इस्तेमाल बढ़ गया है। फैक्टरियों में माल ढुलाई में सस्ता ट्रांसपोर्ट होने के कारण फैक्टरी मालिक ट्रैक्टर-ट्राली को फैक्टरियों में लगाते हैं। जिस कारण जीटी रोड पर ट्रैक्टर-ट्रालियों की कतारें लगी रहती हैं और ये भी जाम का बड़ा कारण बनती हैं।
बाइक के चालान काट रहे, ट्रकों पर कार्रवाई नहीं : लाल बत्ती चौक, सचिवालय के सामने, संजय चौक, रेलवे रोड व गोहाना रोड पर पुलिस की टीमें तैनात रहती हैं। इन्हीं स्थानों पर सबसे अधिक जाम लगता है। पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की बजाय वाहन चालकों के चालान काटने में ही व्यस्त रहती है।
बैंक व शोरूम वालों के पास नहीं है अपनी पार्किंग : जीटी रोड पर ही पीएनबी, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, यूको बैंक, कर्नाटका बैंक, यश बैंक व आईडीबीआई बैंक की शाखाएं हैं। इसके अलावा जीटी रोड पर 20 बड़े शोरूम भी हैं। इनमें आने वाले वाहन चालक अपने वाहनों को सर्विस लाइन पर ही खड़ा कर देते हैं। इस कारण सर्विस लाइन पूरी तरह जाम रहती है। बैंक व शोरूम मालिकों के पास अपनी पार्किंग नहीं है।
ट्रैफिक व्यवस्था में पहले से अधिक सुधार है। नो एंट्री में घुसने वाले भारी वाहनों की चालान काटे जाते हैं। सर्विस लाइनों पर खड़े होने वाले वाहनों को उठाया जाएगा। लोकसभा चुनाव में पुलिस व्यस्त थी, इसलिए कार्रवाई ढीली पड़ गई थी। अब दोबारा सख्ती की जाएगी।
- सतीश वत्स, डीएसपी ट्रैफिक पानीपत।