पानीपत। पानीपत से गोहाना मायके जा रही एक महिला के बैग से करीब 15 तोले सोने के जेवरात चोरी हो गए। महिला ने गोहाना पहुंचकर बैग चेक किया तो जेवरात चोरी मिले। महिला ने पांच संदिग्ध आरोपियों पर चोरी करने का शक जाहिर किया है और पानीपत पहुंचकर चांदनीबाग थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
खटीक बस्ती निवासी भारती ने बताया कि वह 21 मई को अपनी ससुराल से गोहाना अपने मायके जाने के लिए रोडवेज बस में सवार हुईं थीं। उसका भाई अरुण भी उसके साथ था। रोडवेज बस में भीड़ ज्यादा थी, इसलिए भाई बस में पीछे की तरफ खड़ा था। गोहाना पहुंचकर बैग चेक किया तो मंगलसूत्र, गले का हाल, झुमकी, डायमंड रिंग, पाजेब, चुटकी समेत अन्य जेवरात चोरी मिले। उन्होंने अपने दूसरे भाई हैप्पी को कॉल कर सूचना दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा और उन्होंने पूरी घटना के बारे में बताया। जिसके बाद वह पानीपत पहुंचे और चांदनीबाग थाना पुलिस को उपरोक्त वारदात की शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की और मामले की जांच शुरू की।
वारदात के बाद इसराना अड्डे पर उतरे, पांच युवकों पर शक
पीड़िता ने बताया कि बस में उसे पांच युवक संदिग्ध दिखे। आरोप है कि इन्हीं युवकों ने जेवरात चोरी किए। पीड़िता के अनुसार युवकों का तीन का ग्रुप था, दो ग्रुप में दो-दो और एक युवक अकेला खड़ा था। पांचों के फोन आपस में कनेक्ट थे। भीड़ का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने बैग को चारों तरफ से कवर किया और एक युवक ने बैग से गहने चोरी किए। उसके बाद आरोपी इसराना अड्डे पर बस से उतरकर चले गए।
वर्जन
महिला की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, मामले की जांच शुरू कर दी है, आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
-इंस्पेक्टर महिपाल सिंह, चांदनीबाग थाना प्रभारी