पानीपत। जिले में कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को कोरोना के 15 नए केस मिले। रिफाइनरी, गढ़ी बेसिक, वार्ड 11, 12, समालखा, रिफाइनरी टाउनशिप और न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में कोरोना मरीज मिले। सभी को होम आइसोलेट कर दिया गया है। सोमवार को 13 लोग कोरोना से ठीक हुए। अब जिले में 47 सक्रिय मरीज हो गए हैं। पिछले 19 दिनों में जिले में कोरोना के 104 रोगी मिल चुके हैं, जबकि 69 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। जिले में लगातार मिल रहे कोरोना मरीजों के मद्देनजर डीजी हेल्थ ने सिविल सर्जन को सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके सैंपलिंग नहीं बढ़ रही है। सोमवार को भी महज 146 लोगों की सैंपलिंग हुई है। सैंपलिंग की संख्या में आठ प्रतिशत लोग कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं।
गर्मी की छुट्टियों में लोग बाहर घूमने जा रहे हैं। वहां परेशानी न हो, सिर्फ इसलिए कोरोना सैंपलिंग हो रही है। स्वास्थ्य कर्मियों के अनुसार अब वे लोग सैंपलिंग कम करवा रहे हैं, जिनमें कोरोना के लक्षण हैं। कोरोना को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। अगर सैंपलिंग की संख्या बढ़े तो कोरोना के काफी केस मिल सकते हैं।
जिले का पॉजिटिविटी रेट 6.1 प्रतिशत
जिले में अब कोरोना के रोगियों की संख्या 36227 हो चुकी है। इसमें से 35503 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। 677 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। जिले का कोरोना पॉजिटिविटी रेट अब तक 6.1 प्रतिशत है।
जिनमें लक्षण, वे जरूर कराएं जांच
सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कादियान ने कहा कि कोरोना के रोगियों की संख्या एकाएक बढ़ी है। लोगों से अपील है कि कोरोना के नियमों का पालन करें। जिन लोगों में कोरोना के लक्षण हैं, वे जांच अवश्य कराएं। नोडल अधिकारी को कोरोना सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।