माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को जिला सचिवालय के द्वितीय तल पर जनता समाधान शिविर लगाया। इसमें 15 लोगों ने अपनी समस्या रखी। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखें, बल्कि उनकी तह तक जाकर समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई करें।
शिविर सुबह 10 से 12 बजे तक चला। रमेश कुमार ने परिवार पहचान पत्र में आय कम कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि आय अधिक दिखाने पर उनका योजनाओं से नाम कट गया है। ऐसे में उनको परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वे दूसरी बार शिविर में अपनी समस्या रख रहा है। कमला ने बताया कि उनका राशन कार्ड कट गया है। वह इसे दोबारा शुरू कराने के लिए दो महीने से लगातार चक्कर काट रही है।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जनता विश्वास के साथ प्रशासन के पास आती है, इसलिए प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से शिकायतों का समाधान करें।
पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने कहा कि पुलिस विभाग से संबंधित मामलों को प्राथमिकता पर लिया जा रहा है। उन्होंने पुलिस कर्मियों को पीड़ितों के प्रति संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई पुलिस की पहली प्राथमिकता है।
इस अवसर पर जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. किरण सिंह, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीडीपीओ राजेश शर्मा और डीएसपी विकास चहल मौजूद रहे।