पानीपत। डेंगू का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। सिविल अस्पताल की लैब में हर आठवां सैंपल पॉजिटिव मिल रहा है। सोमवार को डेंगू के नए 12 केस मिले हैं। सभी केस ग्रामीण क्षेत्रों से आए हैं। अब जिले में डेंगू के रोगियों की संख्या 262 हो चुकी है। वहीं दूसरी ओर अब निजी अस्पतालों से न के बराबर ही सैंपल जांच के लिए आ रहे हैं। सिविल अस्पताल में भी सैंपलिंग की संख्या बहुत कम हुई है। ये ही कारण है कि विभाग को एक किट के लिए सैंपल पूरे करने में 4-5 दिन लग रहे हैं। रोगियों को अपनी रिपोर्ट के लिए एक सप्ताह इंतजार करना पड़ रहा है।
सोमवार को डेंगू के जहां भी केस मिले हैं। विभाग ने उन्हें ट्रेस कर लिया है। आसपास के 60 घरों की जांच की गई है। जिन लोगों को उस क्षेत्र में बुखार है, उनकी स्लाइड तैयार की गई है। इन क्षेत्रों में विभाग ने पंचायती राज विभाग को फॉगिंग के निर्देश भी दिए हैं। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुनील संदुजा का कहना है कि तापमान में गिरावट के बाद एकाएक डेंगू के केस में कमी आएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार फील्ड में काम कर लार्वा नष्ट किया जा रहा है।