समालखा में पूर्व विधायक के जींद रैली के पोस्टर फाड़े, जाट-सैनी समाज के कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन अलर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत/समालखा। कुरुक्षेत्र सांसद राजकुमार सैनी की जींद में महात्मा ज्योतिबा फूले की पुण्यतिथि पर रविवार को प्रस्तावित समानता महासम्मेलन और इसी दिन रोहतक में जाट समाज के कार्यक्रम को लेकर टकराव की आशंका बन गई है। इधर, समालखा में पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर के जींद रैली को लेकर लगाए गए होर्डिंग फाड़ दिए गए। इसके मद्देनजर पुलिस-प्रशासन की नींद उड़ गई है। हालात से निपटने को लेकर शनिवार को आनन-फानन में डीसी-एसपी ने अफसरों की मीटिंग ली और 15 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए। अधिकारियों का सबसे ज्यादा ध्यान पानीपत-रोहतक और पानीपत-जींद मार्ग पर है, पुलिस के साथ खुफिया तंत्र इसको लेकर पल-पल की रिपोर्ट ले रहा है। पुलिस ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां कैैंसिल कर दी हैं। उधर, दोनों पक्षों के मोअज्जिज लोगों ने अपने-अपने कार्यक्रमों की तैयारी पूरी कर लेने का दावा किया है, जबकि डीसी-एसपी ने लोगों लोगों को शांति बनाए रखने की अपील की है।
डीसी डॉ. चंद्रशेखर खरे ने शनिवार को लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हाल में 15 ड्यूटी मजिस्ट्रेट और डीएसपी और थाना प्रभारियों की मीटिंग ली। उन्होंने सबको सुरक्षा, शांति बनाए रखने के पुख्ता प्रबंध करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन शांति स्थापित करने के लिए लोगों को जागरूक करें। किसी तरह का विवाद या तनाव होने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। वहीं एसपी राहुल शर्मा ने सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों की मीटिंग ली। उन्होंने पानीपत-रोहतक व पानीपत-जींद मार्ग पर सुरक्षा व व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि इन मार्गों पर यातायात बाधित न होने दिए जाए।
पूर्व विधायक बोले- असामाजिक तत्वों की करतूत, लोकतंत्र पर हमला
समालखा। समालखा के पूर्व विधायक एवं लोकतंत्र सुरक्षा मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष भरत सिंह छौक्कर के जींद रैली को लेकर शहर में कई जगह लगाए गए होर्डिंग शुक्रवार देर रात को फाड़ दिए गए। शनिवार सुबह होर्डिंग फटे हुए मिलने की चर्चा पूरे हलके में आग की तरह फैल गई। इस पर पूर्व विधायक भरत सिंह ने कहा कि यह असामाजिक तत्वों की हरकत है और लोकतंत्र पर हमला है। हलके व प्रदेश की जनता इसका सही समय पर जवाब देगी। पूर्व विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष भरत सिंह छौक्कर ने कहा कि जींद रैली में उनके समर्थन में सैकड़ों लोग शामिल होंगे। कुछ लोगों की रैली को लेकर अभी से पहले चिंता बढ़ गई हैं। सांसद राजकुमार सैनी व उनकी बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर कुछ राजनीतिक लोगों ने होर्डिंग तक फड़वा दिए।
एडीसी ओवरआल इंचार्ज
डीएम डॉ. चंद्रशेखर खरे ने 15 डयूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए हैं और ये अगले आदेशों पर लगातार काम करेंगे। एडीसी राजीव मेहता ओवरऑल इंचार्ज होंगे। प्रशासन के अनुसार एसडीएम समालखा गौरव कुमार को समालखा, बापौली व सनौली थाना क्षेत्र में नियुक्त किया है। उनके साथ डीएसपी समालखा नरेश अहलावत रहेंगे। नगर निगम कमिश्नर शिव प्रसाद शर्मा व डीएसपी ट्रैफिक आत्माराम को थाना शहर व किला, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त सुमन भांखड़ को डीएसपी महिला थाना विद्यावतिी के साथ महिला पुलिस थाना क्षेत्र में ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। डीआरओ डॉ. आरके भौरिया को डीएसपी मुख्यालय जगदीप दून के साथ थाना सदर, चांदनी बाग व इसराना क्षेत्र में नियुक्त किया है। जिला परिषद के डिप्टी सीईओ जसविंद्र सिंह को डीएसपी संदीप कुमार के साथ थाना मतलौडा व मॉडल टाउन, नायब तहसीलदार पानीपत सुमन को एसएचओ थाना सदर धर्मबीर सिंह के साथ थाना सदर, तहसीलदार जयभगवान को थाना शहर के अंतर्गत इंस्पेक्टर सुरेश कुमार व किला थाना के अंतर्गत सुरेश पाल के साथ लगाया है। तहसीलदार मतलौडा रविंद्र हुड्डा को थाना मॉडल टाउन क्षेत्र में इंस्पेक्टर अमित कुमार, ईओ हुडा दीपक घनघस को थाना चांदनी बाग एरिया में इंस्पेक्टर संदीप, तहसीलदार समालखा मनोज कुमार को थाना समालखा क्षेत्र में प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार, तहसीलदार इसराना संजीव कुमार इसराना थाना क्षेत्र में प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार मतलौडा जय सिंह को थाना मतलौडा क्षेत्र में इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। बीडीपीओ बापौली सुरेश कुमार को एसएचओ बापौली सुभाष के साथ थाना क्षेत्र बापौली, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन प्रदीप अत्री को ट्रैफिक थाना बाबरपुर प्रभारी महेंद्र सिंह के साथ बाबरपुर व नेशनल हाईवे नंबर-वन, सिंचाई विभाग एक्सईएन सुरेश सैनी को नहर पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।
रेल और सड़क मार्ग के साथ सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा बढ़ाई
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने रेल व सड़क मार्ग के साथ सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी है। प्रशासन ने नेशनल हाईवे नंबर-वन पर एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट व एक इंस्पेक्टर की ड्यूटी लगाई है। उनके साथ पुलिस बल भी लक्षित स्थानों पर तैनात रहेंगे। वहीं दिल्ली नहर पर अलग से ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिया है। पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की तलाशी शुरू कर दी।
लोकतंत्र सुरक्षा मंच ने तैयारियों पर की चर्चा
लोकतंत्र सुरक्षा मंच के पदाधिकारियों ने जींद में होने वाले समानता महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर चर्चा की। जिलाध्यक्ष एडवोकेट रितेश शर्मा व युवा जिलाध्यक्ष बलजिंद्र सिंह समेत सह सचिव सीए गोविंद सैनी ने सभी पदाधिकारियों व जिम्मेदार लोगों से संपर्क साधा। उन्होंने कहा कि जींद रैली में सैकड़ों वाहन पहुंचेंगे और यहां पर पहुंचकर सांसद राजकुमार सैनी के हाथों को मजबूत करेंगे। सह सचिव गोविंद सैनी ने महासम्मेलन को लेकर सुताना गांव का दौरा किया। उन्होंने कहा कि वे शांतिपूर्वक ढंग से जींद महासम्मेलन में शामिल होंगे और यहां पर शांति का संदेश देंगे। इस मौके पर युवा शहर अध्यक्ष सतीश सैनी, वार्ड-आठ अध्यक्ष नवीन कुमार, महिला विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा, पिछड़ा वर्ग एकता प्रचारक लख्मीचंद कश्यप, सुरेंद्र कश्यप, सतबीर गुज्जर पंच, धर्मबीर, किताब, बलबीर, लीला कश्यप, प्रदीप गुज्जर, पालेराम शर्मा, कृष्ण शर्मा, नवाब सिंह व धर्मपाल मौजूद रहे।
जाट बोले- सैनी की रैली में विघभन डालने वालों को अपने में शामिल नहीं करेंगे
अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने 26 नवंबर को जसिया रोहतक में सर छोटूराम प्रतियोगी परीक्षा एवं कौशल विकास संस्थान के भूमिपूजन कार्यक्रम में जाने की तैयारियां पूरी कर ली। समिति के राष्ट्रीय सचिव प्रताप दहिया ने बताया कि जिले से करीब छह सौ वाहनों के पोस्टर व बैनर तैयार कराए गए हैं। जिले से 80 प्रतिशत ट्रैक्टर-ट्राली जसिया में पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि जाट समाज 36 बिरादरी को साथ लेकर चलता है और लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने व रैली करने का अधिकार है। समिति जींद में सांसद राजकुमार सैनी की रैली में किसी तरह का विघ्न नहीं पैदा करेंगे। उनके रास्ते में किसी तरह की रुकावट पैदा करने वालों को जाट अपनों में शामिल नहीं करेगा।
जिले में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। किसी को कानून के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। ऐसे लोगों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। जिले में जींद व रोहतक मार्ग का यातायात सुचारु रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। किसी को भी परेशानी का सामना नहीं करने दिया जाएगा। जिलेवासी शांति व भाईचारा बनाकर रखें।
राहुल शर्मा, एसपी पानीपत।
जिले में सुरक्षा व व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध कर लिए गए हैं। रोहतक व जींद रैली को देखते हुए 15 ड्यूटी मजिस्ट्रेट पुलिस अधिकारियों के साथ नियुक्त कर दिए हैं। लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात या मांग रखने का अधिकार है, लेकिन किसी के रास्ते में रुकावट डालना ठीक नहीं है। लोगों को शांति बनाते हुए भाईचारे का संदेश देना चाहिए। जिला में किसी तरह से कानून व व्यवस्था को तोड़ने नहीं दिया जाएगा।
डॉ. चंद्रशेखर खरे, डीसी, पानीपत।