एमपीएचएस ने फोन पर एएनएम को धमकाया, एएनएम विरोध में उतरी
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। जिले में तैनात एक एमपीएचएस द्वारा एक एएनएम को फोन पर धमकाने का मामला सामने आया है। मामला पिछले सप्ताह बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन के चुनाव से जुड़ा हुआ है। एएनएम व बहुउद्देशीय महिला स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन एएनएम के समर्थन में उतर आई है। एएनएम ने सीएमओ व प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर आरोपी एमपीएचएस पर कार्रवाई करने की मांग की है।
बहुउद्देशीय महिला स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन ने मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को सिविल अस्पताल स्थित सीएमओ के कार्यालय में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। जिसकी अगुवाई जिला प्रदेशाध्यक्ष सुशीला ढांडा व राज्य सचिव कृष्णा राणा ने किया। अध्यक्षता जिला प्रधान कमला देवी व संचालन जिला सचिव सुनीता ने किया। प्रदेशाध्यक्ष सुशीला ढांडा व सचिव सुनीता ने बताया एमपीएचएस शमशेर सिंह ने एएनएम कमला देवी से फोन पर बात कही। कमला देवी का आरोप है कि शमशेर सिंह ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और पानीपत में नौकरी न करने देने की धमकी दी। प्रदेशाध्यक्ष सुशीला ढांड़ा व प्रदेश महासचिव कृष्णा राणा ने बताया कि एमपीएचएस शमशेर सिंह इससे पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका है। उसकी धमकी के चलते एएनएम मानसिक रूप से परेशान है। उन्होंने एमपीएचएस पर कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर निर्मल बल्हारा, राज श्योराण, बोनी, कमलेश देवी, दिनेश देवी, निर्मल हूड्डा, कमला देवी, पूर्व उप प्रधान नरेंद्र खोखर, जिला प्रधान महाबीर सहरावत, सतीश मलिक, मोहित कुमार व राजेंद्र नैन मौजूद रहे।