इसराना। थाना इसराना क्षेत्र के अंतर्गत गांव डाहर में सर्विस लेन के पास अचानक बिजली का तार टूटकर गिर गया। इस दौरान दोस्तों के साथ वहां से गुजर रहा 11 वर्षीय बच्चा तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे की पहचान 11 वर्षीय पंकज के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला पीलीभीत स्थित गांव बरगदा का रहने वाला था।
रामअवतार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ गांव डाहर में सुनील नामक व्यक्ति के मकान में किराये पर रहता है। पंकज अपने तीन दोस्तों के साथ गांव से गुजर रहा था। उसी दौरान सर्विस लेन के पास अचानक ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार टूटकर नीचे आ गिरा। पंकज तार की चपेट में आ गया और करंट लगने से बेहोश होकर गिर पड़ा। वे उसे जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। इसराना थाना प्रभारी हरिराम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। संवाद