पानीपत। गांव कुराना में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। एक दुकान का ताला तोड़कर गल्ले से 10 लाख रुपये उड़ा दिए। वारदात के वक्त दुकान मालिक का चाचा ऊपर के कमरे में सो रहा था। सुबह वारदात के बारे में पता चला। इसकी सूचना मतलौडा थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मतलौडा थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव कुराना निवासी विनोद कुमार ने बताया कि उसका गांव के सरकारी स्कूल के पास जागलान जनरल स्टोर है। वह एक निजी स्कूल में कैंटीन भी चलाता है। स्कूलों में किताबें और कॉपियों भी सप्लाई करता है। वह दुकान और कैंटीन की सेल के पैसे दुकान में ही रखता है। अलग-अलग सेल के लिए अलग गल्ले बनाए गए हैं। सोमवार रात को उसने अपनी दुकान, कैंटीन और किताबों की सेल के कुल 10 लाख रुपये दुकान के गल्लों में रखे थे। रात 10:10 बजे उसका छोटा भाई कुलदीप दुकान बंद कर घर चला गया था। दुकान के ऊपर बने कमरे में उसका चाचा सतबीर सोता है, जो कि कल रात भी सोया था। मंगलवार सुबह 5:20 बजे कुलदीप दुकान पर आया तो दुकान का ताला टूटा मिला। शटर खुला था। कुलदीप ने उसे इसकी सूचना दी। सूचना मिलने वह मौके पर पहुंचा। दुकान की जांच करने पर गल्ले से 10 लाख रुपये चोरी मिले।