पानीपत। जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को 10 केस मिले हैं। इसके साथ पॉजिटिव का आंकड़ा 111 पर पहुंच गया है। इस महीने अब डेंगू के 80 केस मिल चुके हैं। हर दूसरे दिन डेंगू के लगभग पांच केस मिल रहे हैं। इस साल 12 बच्चे अब तक डेंगू का शिकार हो चुके हैं।
जिले में मंगलवार को 194 सैंपलों की रिपोर्ट आई। इनमें समालखा में दो, छदिया गांव, सैनी कॉलोनी, रेरकलां, तारपुर, महाबीर कॉलोनी, किशनपुरा, बिशन स्वरूप कॉलोनी व शहर की कॉलोनी में डेंगू के केस मिले हैं। सभी का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिले में अब डेंगू के 111 केस हो चुके हैं। पिछले दिनों हुई बरसात से अब डेंगू का खतरा अधिक बढ़ा है। खाली प्लॉटों व छतों पर पड़े बर्तनों में डेंगू का लार्वा उत्पन्न हो रहा है।
डेंगू के नोडल अधिकारी डॉ. सुनील संदूजा ने बताया कि मंगलवार को जिले में डेंगू के 10 केस मिले हैं। अब जिले में डेंगू के रोगियों की संख्या 111 हो चुकी है। अब आने वाले दिनों में डेंगू का खतरा अधिक बढ़ने का भय है। लोगों से अपील है कि डेंगू के खिलाफ जागरूक हों। अपने आसपास पानी जमा न होने दें। अगर बुखार है तो डॉक्टर की सलाह के बिना दवा न लें।